आजमगढ़: मायके से लापता हुई नवविवाहिता का शव बरामद

Youth India Times
By -
0

घटना की छानबीन में जुटी पुलिस, कयासों का बाजार गर्म
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के लखनपूरा गांव स्थित मायके से गुरुवार की रात लापता हुई 22 वर्षीय नवविवाहिता का शव शुक्रवार को इलाके में स्थित छोटी सरयू नदी किनारे से बरामद कर लिया गया। मृतका के परिवार द्वारा हत्या का आरोप लगाए जाने पर पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की छानबीन शुरू कर दी है। क्षेत्र में इस मामले को लेकर तरह तरह की चर्चा व्याप्त है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के लखनपुरा गांव निवासी रामपति की 22 वर्षीय पुत्री प्रियंका की शादी बीते 13 मई को अंबेडकरनगर जिले के आदमपुर गांव में हुई थी। इसके पूर्व प्रियंका की दो शादियां हो चुकी थीं लेकिन दोनों मामलों में संबंध विच्छेद हो चुका था। ंबीते मई माह में परिवार वालों ने उसकी तीसरी शादी की थी। एक सप्ताह पूर्व प्रियंका ससुराल से विदा होकर मायके आई हुई थी। मायके वालों का कहना है कि गुरुवार की रात एक साथ भोजन करने के बाद परिवार के सभी लोग सो गए। रात में ही किसी समय प्रियंका घर से लापता हो गई। परिवार के लोग शुक्रवार की सुबह सोकर उठे तो प्रियंका घर पर नहीं मिली। परिवार के लोग लापता प्रियंका की तलाश में जुटे लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। किसी अनहोनी की आशंका से भयभीत परिजन अपने स्तर से प्रियंका की तलाश कर ही रहे थे कि कुछ देर बाद ग्रामीणों की मदद से उन्हें किसी युवती का शव छोटी सरयू नदी किनारे मिलने की जानकारी हुई। आशंकित परिजन मौके पर पहुंचे तो शव देख उनकी शंका सच साबित हो गई। प्रियंका का शव छोटी सरयू नदी किनारे पड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर सिद्धार्थ तोमर, प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतका के शरीर पर जींस पैंट और शर्ट मौजूद थे। परिवार के लोगों ने प्रियंका के हत्या की आशंका जताई है। थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण ज्ञात हो सकेगा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर बताई गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)