आजमगढ़: मेंहनगर से अगवा किए गए दो व्यक्ति प्रयागराज से बरामद, महिला गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

पांच लाख की मांगी थी फिरौती, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर की सकुशल बरामदगी
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। जनपद के मेंहनगर थाने के पुलिस एवं स्वात टीम के साथ ही प्रयागराज जनपद पुलिस के संयुक्त प्रयास से मेंहनगर क्षेत्र से प्रयागराज के लिए निकले दो व्यक्तियों का रास्ते में अपहरण कर लिए जाने के बाद उनकी सकुशल बरामदगी कर ली गई। इस मामले में पुलिस ने प्रयागराज जनपद में स्थित उस मकान में मौजूद महिला को गिरफ्तार कर लिया, जिसके यहां अगवा किए गए दोनों व्यक्तियों को रखा गया था। हालाकी अपहर्ता पुलिस के आने की भनक पाकर मकान के पिछले दरवाजे से फरार हो जाने में कामयाब रहे।
मेहनगर थाना क्षेत्र के उटनी गोपालपुर गांव की रहने वाली इंदु देवी पत्नी रामप्रकाश निराला ने गुरुवार को स्थानीय थाने में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि बीते 6 जुलाई की सुबह उसके पति रामप्रकाश निराला व क्षेत्र के देवईत ग्राम निवासी वशिष्ठ चौहान पुत्र इंद्रजीत चौहान आवश्यक कार्यवश अपने वैगनआर कार से प्रयागराज जनपद जाने की बात कह कर निकले थे। शाम को महिला ने अपने पति के फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो उनका फोन बंद मिला। शुक्रवार की सुबह महिला के पति ने फोन करके बताया कि कुछ बदमाश किस्म के लोगों ने हम दोनों का अपहरण कर लिया है और छोड़ने के नाम पर प्रति व्यक्ति पांच लाख रुपए की मांग की जा रही है। महिला की तहरीर पर मेंहनगर पुलिस अपहरण का मामला दर्ज कर अगवा किए गए लोगों की बरामदगी के प्रयास में जुट गई। यह जनपद की स्वात टीम के साथ ही प्रयागराज एवं प्रतापगढ़ जनपद पुलिस की मदद ली गई। सर्विलांस के माध्यम से अगवा किए गए व्यक्तियों की लोकेशन मिलने पर पुलिस ने शुक्रवार की दोपहर प्रयागराज जनपद के होलागढ़ थाना अंतर्गत काशीपुर ग्राम निवासी रामसूरत के घर दबिश दी। इस दौरान मकान में मौजूद कुछ लोग पीछे के रास्ते से भागने में सफल रहे। पुलिस ने घर में मौजूद महिला को अपनी अभिरक्षा में लेते हुए घर में अगवा कर रखे गए दोनों व्यक्तियों को सकुशल बरामद कर लिया। गिरफ्तार की गई महिला महिला मीना देवी पत्नी रामसूरत ने पूछताछ के दौरान बताया कि प्रयागराज जिले के मऊआइमा थाना अंतर्गत हरेसेनगंज बाजार निवासी राज पुत्र बच्चा उसका भांजा है। वह अपने चार अन्य साथियों के साथ अगवा किए गए दोनों व्यक्तियों को चारपहिया वाहन से मेरे घर लाया था और यहीं उनके ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था मेरे द्वारा की जा रही थी। यहीं से अगवा किए गए व्यक्तियों के मोबाइल फोन से फिरौती की रकम की मांग की जा रही थी। पुलिस द्वारा दी गई दबिश के दौरान मेरे घर में मौजूद भांजा व उसके साथी मकान के पीछे के रास्ते से भागने में सफल रहे। मामले में 24 घंटे के भीतर अगवा किए गए व्यक्तियों की सकुशल बरामदगी के बाद पुलिस गिरफ्तार की गई महिला के साथ जनपद में लौटी। गिरफ्तार महिला के खिलाफ सुसंगत धारा के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)