आजमगढ़: शहर से लेकर गांव तक चली योग की क्लास

Youth India Times
By -
0

बच्चे, बूढ़े और जवान, सबने किया योग व ध्यान
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। विश्व योग दिवस की आठवीं वर्षगांठ पर मंगलवार को शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक हर जगह योग की कक्षाएं चलीं। इस कार्यक्रम में बच्चे, बूढ़े और जवान सभी उत्साह पूर्वक शामिल हुए और योग की क्रियाओं का अभ्यास किया। मंगलवार की सुबह जगह-जगह लगने वाली योग की कक्षाओं में शामिल होने वालों का हुजूम स्थान सुरक्षित करने की होड़ में तेज रफ्तार से जाते दिखा। हर किसी को सुरक्षित स्थान की तलाश थी। हालांकि सभी जगहों पर योगाभ्यास के लिए पूरी तैयारी की गई थी। जगह-जगह योगाचार्यों के माध्यम से लोगों ने योग की तमाम क्रियाओं के साथ ही आसन और ध्यान का भी आनंद उठाया।
नगर के सुखदेव पहलवान स्टेडियम में मंगलवार की सुबह जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज एवं मुख्य विकास अधिकारी आनंद शुक्ला की उपस्थिति में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में जनपद के सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। योग गुरु के माध्यम से सभी ने तमाम आसनों का अभ्यास किया। वही पुलिस लाइन परिसर में पुलिस उपमहानिरीक्षक अखिलेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की उपस्थिति में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को मानवता के लिए योग कार्यक्रम के रूप में मनाया गया। यहां भी पुलिस परिवार के साथ ही स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पीएसी ग्राउंड में सेनानायक की अगुवाई में पीएसी के जवानों ने योग शिक्षक द्वारा बताए गए आसनों एवं योग क्रियाओं का अभ्यास किया। वही कुंवर सिंह उद्यान में योगाचार्य देव विजय यादव ने उपस्थित जनसमूह को योगाभ्यास का पाठ पढ़ाया। यहां आयोजित कार्यक्रम में नगर की जनता ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं नगर के एलवल वार्ड स्थित पंचशील वाटिका में पतंजलि परिवार, श्री अग्रसेन महिला मंडल, भारत विकास परिषद एवं उत्तर प्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दोपहर तीन बजे बाल साधकों द्वारा विभिन्न आसनों का प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। फूलपुर तहसील मुख्यालय पर रामलीला मैदान में राष्ट्रीय संघ सेवक संघ के बैनर तले आयोजित योग शिविर में लोगों को विभिन्न योगासन आदि का अभ्यास कराते हुए उसके लाभ की भी जानकारी दी गई। इस मौके पर एसडीएम फूलपुर ज्ञानचंद गुप्ता, नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा सहित कस्बे के तमाम लोग उपस्थित रहे। मेहनगर नगर पंचायत के ऐतिहासिक लखनऊ पोखरी पर नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक चौहान की उपस्थिति में लोगों ने योग क्रियाओं का अभ्यास करते हुए उनके बारे में जानकारी प्राप्त किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)