नशे में धुत बारातियों ने फोड़ा सिपाही का सिर

Youth India Times
By -
0

बलिया। जिले में नशे में धुत बारातियों का नया कारनामा सामने आया है। जहां शराब पीने के बाद जमकर घरातियों से विवाद किया और आरोप लगाने के साथ ही दौड़ा दौड़ाकर सबको पीटना भी शुरू कर दिया। इस बाबत जानकारी मिलने के बाद मौके पर बीच बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मियों को भी पीटा और एक सिपाही का सिर भी बारातियों ने फोड़ दिया। इसके बाद पुलिस को आनन फानन अपने सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा जहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपितों को अब चिन्हित करना शुरू कर दिया है। 

पियरहीं गांव में शुक्रवार की रात आई बारात में बवाल हो गया। शराब के नशे में बराती घरातियों से ही भिड़ गए। विवाद इस कदर बढ़ा कि दोनों पक्षों से लाठी- डंडे चलने लगे। इस दौरान पहुंची पुलिस पर भी हमला कर दिया गया। वहीं सिपाही समेत दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। सिपाही को गंभीर हाल में वाराणसी रेफर कर दिया गया। शुक्रवार की रात भोला राम के यहां सिकंदरपुर के हुसेनपुर निवासी जयनाथ राम के यहां से बरात आई थी। द्वारचार तक सबकुछ ठीक चला। अचानक रात 11 बजे नशे में कुछ बराती खाने को लेकर तकरार करने लगे। विवाद बढ़ने पर मारपीट होने लगी। जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। आक्रोशित बराती मान नहीं रहे थे वे पुलिस पर भी हमला करने लगे। इसमें ताखा चौकी के सिपाही अर्णव का सिर फट गया। इसके बाद मौके पर भारी फोर्स पहुंची तो विवाद पर लगाम लगा। घायल भोला राम, रमाशंकर, सोनू कुमार, जयनाथ राम, राधेश्याम व अर्णव को चिलकहर पीएचसी भेजा गया। अर्णव को जिला चिकित्सालय फिर वहां से वाराणसी भेज दिया गया। पुलिस की मौजूदगी में शादी कराई गई। पुलिस ने छह बवालियों को हिरासत में लिया है। बवाल को लेकर पूरी रात भगदड़ मची रही। सीओ सिटी प्रीति त्रिपाठी ने कहा कि पुलिस टीम पर हमला करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)