आजमगढ़: मनबढ़ भतीजे ने अपने चाचा को मारी गोली

Youth India Times
By -
0

शहर के निरालानगर मुहल्ले का मामला, दो लोगों पर नामजद रिपोर्ट
आजमगढ़। शहर के निरालानगर मुहल्ले में शुक्रवार की रात करीब नौ बजे भूमि विवाद के चलते मनबढ़ भतीजों ने अपने चाचा को गोली मारकर घायल कर दिया। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा। घटना के संबंध में घायल चाचा ने अपने दो सगे भतीजों के खिलाफ शहर कोतवाली में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि अब तक की हुई जांच में मामला झूठा लग रहा। पुलिस जांच करते हुए सच का पता लगा रही है।
घायल प्रेमचंद मौर्य (50) मूलरूप से मऊ के रहने वाले हैं। उनका मकान आजमगढ़ शहर के निराला नगर मुहल्ले में स्थित है। प्रेमचंद का अपने भाई प्रदीप मौर्य से भूमि के बंटवारे का विवाद चल रहा है। दोनों भाइयों का मऊ में तो बंटवारा हो चुका है, लेकिन आजमगढ़ के मकान का बंटवारा चार पांच दिन पहले हुआ है। बीते दो दिनों से प्रेमचंद के भाई प्रदीप के दोनों बेटे सुधांशू और दिव्यांशू आए हुए हैं। ये दोनों अपना मकान किसी को किराए पर देने के लिए खोज रहे हैं। इसी बीच शुक्रवार की रात करीब नौ बजे प्रेमचंद मौर्य को गोली मार दी गई। गोली उनके दाहिने हाथ में उस समय लगी जिस समय वह अपने मकान का गेट बंद कर रहे थे। घटना के बाद हड़कंप मच गया। परिवार के लोग पुलिस को सूचना देते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराए। जहां उनका इलाज चल रहा।
शहर कोतवाल डीके श्रीवास्तव ने बताया कि प्रेमचंद मौर्य को गोली मारने के मामले में उन्होंने तहरीर देकर अपने भतीजे सुधांशू और दिव्यांशू को आरोपित किया है। कोतवाल ने बताया कि अब तक जांच में यह पूरी घटना संदिग्ध लग रही है। केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच करते हुए सच का पता लगाने में जुटी हुई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)