यूपी दारोगा भर्ती: कुछ मिनटों में हल किया दो घंटे का पेपर; चार गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

आगरा। ताजनगरी शहर आगरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां नवंबर 2021 में हुई दारोगा भर्ती की ऑनलाइन परीक्षा में चार अभ्यर्थियों की रफ्तार देख अधिकारी भी हैरान रह गए। मुश्किल से मुश्किल प्रश्न को हल करने में इन अभ्यर्थियों ने मात्र एक सेकेंड का समय लगाया। लेकिन उन्हें नहीं पता था कि कंप्यूटर में ऑनलाइन ट्रैकिंग सिस्टम लगा हुआ है। जांच के दौरान वे चारों अभ्यर्थी फंस गए। भर्ती बोर्ड के निर्देश पर आगरा के शाहगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनसुार, दारोगा भर्ती की यह परीक्षा नवंबर 2021 में हुई थी और गिरफ्तार हुए चारों आरोपी उस परीक्षा को देने के लिए बैठे थे। एग्जाम के बाद जब चेकिंग हुई तो पता चला कि इन चारों आरोपियों ने हर एक प्रश्न को हल करने में मात्र एक सेकेंड का समय लिया। संदेह होने पर मामले की जांच शुरू हुई और चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए।
एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ऑनलाइन परीक्षा में असामान्य रूप से प्रश्नों को बहुत कम समय में हल करने का मामला सामने आया था। कुछ अभ्यर्थियों के नकल और कंप्यूटर डिवाइस का प्रयोग करने की आशंका थी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के सचिव अपर पुलिस अधीक्षक हफीजुरहमान ने मुकदमा दर्ज कराया। मुकदमा धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम और 66 आईटी एक्ट में लिखा गया। मुकदमे में अंकित हुडा, संदीप, लव कुमार शर्मा, वेद प्रकाश शर्मा, गाजियाबाद के आधुनिक इंजीनियरिंग कॉलेज के व्यवस्थापक गौरव शर्मा, आगरा के आरवी ऑनलाइन सेंटर के व्यवस्थापक दुष्यंत शर्मा और अलीगढ़ के द्रोणा इंटरनेशनल स्कूल के व्यवस्थापक धर्मेंद्र गुर्जर को नामजद किया। बुधवार को पुलिस ने अंकित, संदीप, लव कुमार शर्मा और वेद प्रकाश शर्मा को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)