आज़मगढ़ : धीमी प्रगति पर एक्शन में मुख्य विकास अधिकारी

Youth India Times
By -
0


तीन एडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि और तीन वीडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी
आज़मगढ़। बिलरियागंज, पल्हना व तरवां ब्लाक में पंचायतीराज के विभिन्न योजनाओं की धीमी प्रगति को देखकर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने नाराजगी जताई है। धीमी प्रगति को लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे ने बिलरियागंज, पल्हना व तरवां के एडीओ पंचायत को प्रतिकूल प्रविष्टि व वीडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी की है। साथ ही तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए संबंधित को निर्देश दिए हैं। स्पष्टीकरण न देने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
जिला पंचायती राज विभाग की ओर से गांवों में कई जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विभाग की ओर से पंचायत भवन का निर्माण, स्वच्छ भारत मिशन, एसएलडब्ल्यूएम, पंचायत भवन में उपकरण, सामुदायिक शौचालय एवं व्यक्तिगत शौचालय समेत अन्य विकास से जुड़े कार्य होते हैं। उक्त सभी योजनाओं में विकास खंड बिलरियागंज, पल्हना व तरवां काफी पीछे है। उक्त ब्लाकों की धीमी प्रगति को देखकर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने जिला पंचायत राज अधिकारी को कार्रवाई के लिए निर्देश दिए। जिसके अनुपालन में जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे ने बिलरियागंज की प्रभारी वीडीओ आराधना त्रिपाठी, पल्हना के इरशाद अहमद व तरवां के भीमराव प्रसाद को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है। वहीं बिलरियागंज ब्लाक के एडीओ सुभाषचंद्र पांडेय, पल्हना के श्रवण कुमार व तरवां के एडीओ राममिलन को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि पंचायतीराज के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले तीन एडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि व तीन वीडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)