आजमगढ़: दिखा एंटी रोमियो अभियान का असर

Youth India Times
By -
0



छेड़खानी व दुष्कर्म के मामले में चार गिरफ्तार
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। शासन के निर्देश पर नवरात्र के प्रथम दिन शनिवार को शुरू किए गए एंटी रोमियो अभियान का असर देखने को मिलने लगा है। जनपद के तीन थाना क्षेत्रों में छेड़खानी व अगवा की गई लड़की के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपित चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
अहरौला थाने की पुलिस ने मंगलवार को दिन में क्षेत्र के खजुरी चौराहे से छेड़खानी के मामले में आरोपित युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया अभियुक्त मुकेश गिरी पुत्र लालचंद गिरी क्षेत्र के पीठापुर गांव का निवासी बताया गया है। इसी क्रम में देवगांव कोतवाली पुलिस ने छेड़खानी के मामले में आरोपित दो युवकों को क्षेत्र के निहोरगंज बाजार से मंगलवार की सुबह गिरफ्तार किया। इस प्रकरण में गाजीपुर जिले के सादात थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने आरोप लगाया है कि पकड़े गए दोनों आरोपियों ने सोमवार को पीड़िता के साथ छेड़खानी करते हुए जबरन उसकी बांह पकड़ कर उसे वाहन से खींच कर उतार लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़िता के साथ गाली-गलौज किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में सकील पुत्र जलालुद्दीन व फहीम पुत्र हकीमुद्दीन देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बसहीं अकबालपुर गांव के निवासी बताए गए हैं। दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं अतरौलिया थाने की पुलिस ने मंगलवार की सुबह किशोरवय लड़की को बहला-फुसलाकर अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पीड़ित किशोरी के पिता का आरोप है कि आरोपी युवक उसकी 17 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर सोमवार को मुकदमा पंजीकृत किया और मंगलवार की सुबह क्षेत्र के बढ़या ग्राम निवासी आरोपी के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया रवि सिंघानिया पुत्र रामवृक्ष बताया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)