आजम खां से जेल में मिलने जाएंगे सपा मुखिया

Youth India Times
By -
0

जो गरीब हैं या जिसने भाजपा को वोट नहीं दिया उन्हीं लोगों पर चल रहा है बुलडोजर-अखिलेश
मैनपुरी। सीतापुर जेल में बंद रामपुर विधायक आजम खां और उनके समर्थकों की बढ़ रही नाराजगी को लेकर अखिलेश यादव ने चुप्पी तोड़ दी है। बुधवार को मैनपुरी पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी आजम खां के साथ हैं। बीजेपी, कांग्रेस जब मुकदमे लगा रही थी तब ये लोग कहां थे जो अब आजम खां के साथ सहानुभूति जता रहे हैं। उन्होंने खुद उन लोगों से बात की थी जो लोग आजम खां पर मुकदमे लगा रहे थे लेकिन उन अधिकारियों पर मुकदमे लगाने का दबाव था। कहा कि पार्टी के लोग उनसे मिलने जाएंगे। जरूरत पड़ेगी तो मैं भी आजम से मिलने जाऊंगा।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल पर बड़ा हमला बोला। कहा कि बीजेपी हमारे चाचा को लेना चाहती है तो देर क्यों कर रही है। चाचा को जल्दी से पार्टी में ले ले। बीजेपी के नेता चाचा को लेने में इतना विचार क्यों कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे चाचा से कोई नाराजगी नहीं है लेकिन बीजेपी ये बताए कि चाचा को लेकर वो इतनी खुश क्यों है।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को योगी सरकार के बुलडोजर पर निशाना साधा। कहा कि पूरे प्रदेश में जाति और धर्म देखकर बुलडोजर चलाया जा रहा है। जो लोग गरीब हैं या फिर जिन लोगों ने भाजपा को वोट नहीं दिया है, उन्हीं लोगों पर बुलडोजर चल रहा है, जबकि गोरखपुर में बुलडोजर की आड़ में 150 करोड़ से अधिक का मुआवजा भाजपा के लोगों ने लिया। बुधवार को मैनपुरी में अखिलेश यादव ने कहा कि वे शादी में शामिल होने आए हैं। पार्टी से जुड़े लोगों से मिलने का मौका मिला है। सरकार गरीबों, जाति देखकर और धर्म देखकर बुलडोजर लेकर घूम रही है।
नियमों को नहीं मान रही। किसी का स्टे है, किसी ने वोट नहीं दिया उस पर भी बुलडोजर चल रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया में एक व्यक्ति भारत का पैसे के नाम पर जाना जा रहा है। लेकिन देश की गरीबी नहीं दिख रही। लोगों के पास पैसा नहीं है। इस अवसर पर अवधेश यादव, गौरव दयाल वाल्मीकि, चंद्रशेखर यादव, मनोज यादव, रामनारायण बाथम, संदीप यादव, उपदेश यादव, कमल वर्मा, आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)