भीतरघात के डरे डिप्टी सीएम डॉ दिनेश शर्मा

Youth India Times
By -
0


लखनऊ। यूपी के उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा शुक्रवार को रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने निकले। उन्हें जानकारी मिली थी कि उत्तर, मध्य, कैंट, पश्चिम विधानसभा के कुछ पार्षद तथा कार्यकर्ता नाराज हैं। उपमुख्यमंत्री इन कार्यकर्ताओं के घर पहुंच गए। वह पार्षद मुन्ना मिश्रा के घर पहुंचे। कुछ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को भी वहीं बुला लिया। मुन्ना मिश्रा के भी नाराज होने की खबरें थीं। वह तीन दिनों से प्रचार के लिए नहीं निकले थे।
उप मुख्यमंत्री ने सभी नाराज कार्यकर्ताओं, पार्षदों से नीरज बोरा के समर्थन में नारे लगवाए। उप मुख्यमंत्री को अपने बीच देख कार्यकर्ता भी काफी उत्साहित हुए और पार्टी के लिए एकजुट होकर काम करने का ऐलान किया। उत्तर विधानसभा सीट से बीजेपी के कई वरिष्ठ पार्षद तथा कार्यकर्ता और नेता भी टिकट मांग रहे थे लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने यहां कोई बदलाव नहीं किया।
अन्य 5 सीटों पर नए प्रत्याशी उतारे लेकिन उत्तर में निवर्तमान विधायक नीरज बोरा को टिकट दिया। इससे कुछ पार्षद तथा कार्यकर्ता नाराज थे। सूची जारी होने के बाद से वह प्रचार के लिए नहीं निकल रहे थे। इसकी जानकारी उपमुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा को हुई। वह पार्षद अनुराग मिश्रा अन्नू के साथ पहले निराला नगर सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचे। यहां कुछ कार्यकर्ताओं को बुलाया था। इनके साथ बैठक की। सभी असंतुष्टों को समझाया। कुछ नेता यहां नहीं आए थे।
पार्षद मुन्ना मिश्रा भी नहीं आए थे। उनके साथ उत्तर विधानसभा के कई अन्य वरिष्ठ नेता तथा कार्यकर्ता भी नहीं आए थे। यहां से वह सीधे मुन्ना मिश्रा के घर पहुंचे। अन्य लोगों को भी वहीं बुलवा लिया। डॉ दिनेश शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं से नीरज बोरा जिंदाबाद के नारे लगवाए। सभी को चुनाव में उतरने को कहा। इसी तरह पश्चिम में भी कुछ कार्यकर्ता नाराज थे उनसे भी उपमुख्यमंत्री मिले। चुनाव में जी-जान से जुटने को कहा। लगभग सभी कार्यकर्ता उनको अपने पास देख उत्साहित हुए और नाराजगी छोड़ चुनाव प्रचार में उतरने का ऐलान किया।
रीता बहुगुणा जोशी के भी नाराज होने की बातें सामने आ रही थीं। उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने बताया कि उनकी रीता बहुगुणा जोशी से बात हुई है। वह नाराज नहीं हैं। वह बीजेपी की हैं और बीजेपी के साथ ही हमेशा रहेंगी। उनको या उनके बेटे की कोई नाराजगी नहीं है। उनके बेटे की तरफ से भारतीय जनता पार्टी के समर्थन के लिए अपील भी जारी हो गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)