बलिया में भाजपा सहयोगी दल के बगावती बोल

Youth India Times
By -
0

कहा-भाजपा को सत्ता से बेदखल करना प्रमुख लक्ष्य
पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
बलिया। बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार में शामिल विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष और मंत्री मुकेश सहनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करना ही उनका प्रमुख लक्ष्य है। विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष सहनी ने बृहस्पतिवार की शाम जिला मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, हमारी लड़ाई दिल्ली से है, निषाद समुदाय को आरक्षण दिलाना ही हमारा प्रमुख लक्ष्य है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हर चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वादा करते हैं तथा फिर चुनाव के बाद अपने वादे को भूल जाते हैं। साहनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जब हम योगी सरकार को सत्ता से बेदखल कर देंगे तब भाजपा को अहसास होगा कि निषाद समुदाय भाजपा से कट चुका है। उन्होंने कहा कि यूपी से भाजपा की विदाई के बाद भाजपा को एहसास हो जाएगा कि निषाद समुदाय को आरक्षण देना ही होगा। सहनी ने चेतावनी भी दी कि अगर भाजपा ने निषाद समुदाय को आरक्षण नहीं दिया तो 2024 के लोकसभा चुनाव में भी पार्टी का विरोध किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पांच महीने पहले ही हमारी पार्टी सामने आई है और हम मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं, हमारी पार्टी ने 102 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए थे लेकिन चुनाव आयोग व सरकार ने बहुत सारी सीट पर हमारे उम्मीदवारों का नामांकन रद्द कर दिया और अब हम 55-56 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। साहनी ने 24 सीटों पर अपनी पार्टी की जीत का दावा किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)