आजमगढ़: कांग्रेस ने जारी किया ‘भर्ती विधान’ घोषणा पत्र

Youth India Times
By -
0

यूपी के युवाओं के भविष्य के लिए कांग्रेस के पास एक पूरी योजना है-प्रवीण
आजमगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला कांग्रेस कार्यालय में आजमगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष रमेश राजभर का स्वागत किया गया कांग्रेसियों ने नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष का माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें बधाइयां दी। तत्पश्चात विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी ने युवाओं का घोषणा पत्र जारी किया कांग्रेस के आजमगढ़ कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में ‘‘भर्ती विधान’’ शीर्षक से जारी इस घोषणा पत्र में युवाओं से तमाम महत्वपूर्ण वादे किए गए हैं। इनमें सरकार बनने पर 20 लाख रोजगार देने से लेकर छात्रसंघ बहाली तक के वादे शामिल हैं। घोषणा पत्र में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यायों और कॉलेजों में छात्रसंघ की बहाली की जाएगी। साथ ही भर्ती प्रक्रिया में नौजवानों का जो भरोसा टूटा है, उसे बहाल करने के लिए एक जॉब कैलेंडर बनाया जाएगा, जिसमें भर्ती विज्ञापन, परीक्षा, नियुक्ति की तारीखें दर्ज होंगी और इसका उल्लंघन होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि यूपी के युवाओं के भविष्य के लिए कांग्रेस के पास सिर्फ खोखले शब्द नहीं, बल्कि एक पूरी योजना है कि हम किस तरह से नौजवानों को रोजगार दिलाएंगे। उन्होंने कहा यह घोषणापत्र बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने यूपी के युवाओं से बात की है और उनकी आकाक्षांओं को इसमें शामिल किया है। बीजेपी सरकार ने हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन हकीकत यह है कि लाखों नौजवानों ने बीजेपी सरकार की नीतियों की वजह से अपने रोजगार गवां दिए हैं। भाजपा का मकसद इस देश में एकाधिकार लाने का है, जहां सारे छोटे व्यवसायों की कमर तोड़कर देश का सारा धन चार-छः पूंजीपतियों के हाथ में दे दिया जाए। कांग्रेस पार्टी यह नहीं होने देगी। छोटे छोटे व्यवसाय यूपी की शक्ति हैं, जो बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा करते हैं, हम उन्हें पुनर्जीवित करना चाहते हैं। जिससे उत्तर प्रदेश को समृद्ध और शक्तिशाली बनाया जा सके।
आगे जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों ने रोजगार खोया है, उसका कारण है नोटबंदी, गलत जीएसटी और कोरोना लॉकडाउन। कांग्रेस ऐसे काम कभी नहीं कर सकती। उप्र अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष में केंद्रीय भूमिका में था। आज देश प्रदेश के युवाओं को एक नये विजन की जरूरत है। यह कांग्रेस ही दे सकती है। भाजपा यह विजन नहीं दे सकती। भाजपा ने 40 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी पैदा कर दी। हमारा यकीन है कि भारत को एक नये विजन की जरूरत है। मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, 2014 में भाजपा ने जो विजन पेश किया है वह पूरी तरह से फेल हो चुका है। आज भाजपा के ही लोग कह रहे हैं कि कहीं कुछ गड़बड़ है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कार्यवाहक अध्यक्ष रमेश राजभर ने कहा कहा कि भर्ती विधान बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश के युवाओं से बड़े पैमाने पर चर्चा की। उन्हीं चर्चाओं से ये भर्ती विधान निकला है। आज उत्तर प्रदेश के युवाओं का उत्साह टूट गया है। हम उन लाखों युवाओं को भरोसा देना चाहते हैं कि हम कैसे उनका भरोसा बहाल करेंगे, कैसे युवाओं को रोजगार देने में उनकी मदद करेंगे।
युवक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष अमरबहादुर यादव ने कहा भर्ती विधान में पांच सेक्शन हैं, जिनमें युवाओं की अलग-अलग समस्याओं पर फोकस किया गया है। उन्होंने कहा, कांग्रेस की सरकार बनने पर 20 लाख सरकारी नौकरियों की गारंटी होगी, जिनमें 8 लाख सरकारी पद महिलाओं के लिए होंगे। प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों के 1.50 लाख खाली पद भरे जाएंगे। बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में 1 लाख प्रधानाध्यापकों की कमी को पूरा किया जाएगा। माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के खाली 38,000 पद भरे जायेंगे। उच्च शिक्षा और महाविद्यालयों में शिक्षकों के 8,000 खाली पद भरे जायेंगे। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 19,300 पद और सहायिकाओं के रिक्त 27,100 पदों को भरा जाएगा साथ ही संस्कृत के शिक्षक, उर्दू के शिक्षक, आंगनबाड़ी, आशा व पुलिस विभाग के खाली पदों को भी भरा जाएगा। साथ ही उद्यमियों के लिए 5,000 करोड़ का सीड स्टार्ट-अप फंड बनाया जाएगा, जिसमें 30 साल से कम उम्र के उद्यमियों को प्राथमिकता दी जाएगी।उन्होंने कहा कि आरक्षण के घोटाले को रोकने के लिए हर भर्ती के लिए सामाजिक न्याय पर्यवेक्षक होंगे। साथ ही सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के शुल्क माफ होंगे और परीक्षा देने के लिए परीक्षा केंद्रों तक बस व रेल यात्रा मुफ्त होगी। योगी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षा का बजट कम किया है। हमारी सरकार आनेपर यह बजट बढ़ाया जाएगा और सभी कॉलेज व विश्वविद्यालयों को अपग्रेड किया जाएगा। साथ ही उत्तर प्रदेश में प्री व पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए सिंगल विंडो सिस्टम बनाया जाएगा और छात्रवृत्ति का दायरा व राशि भी बढायी जायेगी।
इस मौके पर बेलाल अहमद, रमेश चंद्र शर्मा, ओंकार पाण्डेय, अमर बहादुर यादव, अजीत राय, विशाल दुबे, देवमुनि राजभर, मुन्नू मौर्य, शाहिद खान, मोहम्मद आमिर,साबिहा अंसारी, निर्मला भारती, अंजली पांडेय, अशोक वर्मा, अरविंद जयसवाल, शुभम राय, हरेन्द्र सिंह, राजदेव कनौजिया, सुरेश राजभर, शंभू शास्त्री, मंतराज यादव आदि लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)