एक और सपा विधायक ने थामा भाजपा का दामन

Youth India Times
By -
0

अंबेडकरनगर। अम्बेडकरनगर जिले की जलालपुर सीट से सपा विधायक सुभाष राय ने समाजवादी पार्टी छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया। सुभाष राय ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य और डा. दिनेश शर्मा की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सुभाष राय का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा में घर वापसी हुई है। बता दें कि सुभाष राय पहले भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चे में रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि सुभाष राय के भाजपा में आने से पार्टी मजबूत होगी। प्रदेश में भाजपा सरकार के दौरान कानून के राज के चलते शांति, राष्ट्रवाद और विकास की बयार को देखते हुए सुभाष राय ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।
बताते चलें कि वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में बसपा के टिकट पर रितेश पांडेय विधायक चुने गए थे। बाद में वह बसपा से ही लोकसभा सदस्य चुन लिए गए। फिर उपचुनाव में यहां से सपा के सुभाष राय जीत गए। अब विधानसभा चुनाव के ठीक पहले सांसद रितेश पांडेय के पिता और पूर्व सांसद राकेश पांडेय ने सपा ज्वाइन कर ली है। वह वर्ष 2002 में सपा के ही टिकट पर जलालपुर से विधायक भी रह चुके हैं लेकिन बाद में बसपा में शामिल होकर सांसद का चुनाव लड़े और जीते थे। एक बार फिर उनके सपा में शामिल होने से जलालपुर से उनका टिकट लगभग तय माना जा रहा था।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)