थाने में पंचायत के दौरान पत्नी ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
By -Youth India Times
Friday, December 10, 2021
0
पति ने दीवार कूदकर बचाई जान, जानें पूरा मामला मुरादाबाद/पाकबड़ा। यूपी के मुरादाबाद जिले के थाना परिसर में पति-पत्नी के बीच घंटो तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला। थाने में चल रही पंचायत में पत्नी ने पति को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। पिटाई के डर से पति थाने की दीवार कूदकर भाग निकला। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ। विवाद होने के बाद दोनों पक्ष बिना पुलिस कार्रवाई के अपने-अपने घरों को चले गए। थाना मझोला के डिडौरी गांव निवासी युवक का पाकबड़ा थाना क्षेत्र के हाशमपुर गोपाल गांव निवासी युवती से प्रेम संबंध चल रहा था। इस बात से युवती के परिजन खफा थे। दोनों ने मर्जी से चार महीने पहले शादी कर ली थी। उसके बाद से ही दोनों के बीच झगड़े शुरू हो गए थे। युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार दिसंबर को दोपहर 12 बजे में ससुराल पत्नी को बुलाने गया था। पत्नी को भेजने की बात कही। इस पर ससुरालियों ने पत्नी को घर मे बंद करकर मोबाइल भी छीन लिया था। पत्नी चिल्लाती रही कि, लेकिन किसी ने एक न सुनी। ससुराल वालों ने भी जान से मारने की धमकी दी। दोबारा ससुराल नहीं आने की हिदायत दी। गुरुवार दोपहर दोनों पक्ष अपने-अपने गांवों के प्रधानों के साथ थाने पहुंचे। दोनों पक्षो के बीच घंटों तक पंचायत चलती रही। इसी बीच भरी पंचायत में पत्नी ने पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने पति को दौड़ाकर पीटा। पति ने थाने की दीवार कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। अचानक हुई इस घटना को देख पुलिसकर्मी व अन्य लोग हैरान रह गए। कुछ लोगों ने इस घटना को अपने मोबाइल में कैद कर किया। वीडियो इंटरनेट पर भी वायरल हो गया। वीडियो वायरल में युवती के माता पिता हाथ जोड़ते रहे, लेकिन युवती ने किसी की नहीं सुनी। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी। बाद में दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए।