प्रियंका को UP में बड़ा झटका, सलाहकार ने छोड़ी पार्टी

Youth India Times
By -
0

लखनऊ। मिशन 2022 के लिए नया नारा लड़की हूं लड़ सकती हूं देने के कुछ घंटे बाद ही प्रियंका गांधी को यूपी में बड़ा झटका लगा है। प्रियंका गांधी के सलाहकार हरेंद्र मलिक ने पार्टी की सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। हरेंद्र मलिक के साथ ही उनके बेटे पूर्व विधायक पंकज मलिक ने भी पार्टी छोड़ दी है। पंकज इस समय यूपी कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष थे। फिलहाल दोनों नेताओं ने पार्टी छोड़ने का कारण नहीं बताया है।
हरेंद्र मलिक ने कहा कि अभी तक कांग्रेस के सदस्य के तौर पर काम कर रहा था। एसीसीआई कार्यसमिति का सदस्य होने के साथ ही प्रियंका गांधी के सलाहकार समिति का सदस्य, चुनाव अभियान समिति का सदस्य भी था। मैंने सभी पदों के साथ ही कांग्रेस की सदस्यता से भी इस्तीफा प्रियंका गांधी को भेज दिया है।
पार्टी छोड़ने के कारणों पर हरेंद्र मलिक ने कहा कि 18 साल कांग्रेस में रहा। राजनीतिक आदमी हूं और आगे भी राजनीति करता रहूंगा। अगले कदम का जल्द खुलासा करने की बात भी हरेंद्र मलिक ने कही। एक सवाल के जवाब में हरेंद्र मलिक ने कहा कि बीजेपी में जाने का सवाल ही नहीं उठता है। हमारी और बीजेपी की विचारधारा बिल्कुल अलग है।
वहीं पंकज मलिक ने प्रियंका गांधी को भेजे त्यागपत्र में लिखा है कि एआईसीसी यूपी उपाध्यक्ष और पार्टी की ओर से मिली अन्य सभी जिम्मेदारियों से इस्तीफा दे रहा हूं। इसके साथ ही कांग्रेस की प्राथमिकत सदस्यता से भी इस्तीफा दे रहा हूं। पंकज मलिक कांग्रेस से विधायक रहने के साथ ही विधानमंडल के पूर्व उप नेता भी रहे हैं।
पंकज मलिक वर्तमान में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष व वेस्ट यूपी के प्रभारी थे। पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक को मुजफ्फरनगर में बड़ा राजनैतिक दिग्गज माना जाता है। वह पहली बार 1985 में चौधरी चरण सिंह के आशीर्वाद से लोकदल से खतौली विधानसभा से विधायक बने थे। इसके बाद वह बघरा विधानसभा सीट से लगातार तीन बार 1989, 1991 व 1993 में विधायक रहे हैं। 2002 में वह हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के यूपी विधानसभा चुनावों में सक्रिय होने के बाद इनेलोद के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। तभी ओमप्रकाश चौटाला ने उन्हें अपनी पार्टी से राज्यसभा में भेजा था। हालांकि वह 2004 में कांग्रेस में शामिल हो गए थे और करीब 17 साल से वह कांग्रेस में ही थे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)