आजमगढ़: असलहे के बल पर अगवा हुई किशोरी

Youth India Times
By -
0

थाने का चक्कर लगा रहा पीड़ित परिवार
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र में रविवार की रात हथियारबंद लोगों द्वारा 15 वर्षीय किशोरी को असलहे के बल पर अपहरण कर लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की तहरीर दिए जाने के बाद भी पुलिस अभी इस मामले में मौन साधे हुए है। पीड़ित परिवार थाने का चक्कर लगाने को मजबूर है।
अहरौला क्षेत्र के माहुल कस्बे के रहने वाले परिवार के मुखिया कामिल खान रोजी रोटी के सिलसिले में मुंबई शहर में रहते हैं। घर पर उनकी पत्नी अपने 15 वर्षीय पुत्री के साथ रहती है। आरोप है कि रविवार की रात करीब 9 बजे क्षेत्र के ही रहने वाले कतिपय लोग चारपहिया वाहन से आए। उक्त लोग घर में घुसकर हथियार के बल पर जबरन 15 वर्षीय पुत्री को अपने साथ लाए वाहन पर बैठा कर फरार हो गए। विरोध करने पर हथियारबंद लोगों ने अगवा की गई किशोरी की मां को जान से मारने की धमकी दी। लड़की की मां ने फोन के माध्यम से घटना की जानकारी अपने पति व रिश्तेदारों को दी। घटना की जानकारी पाकर अगवा किशोरी के पिता सोमवार को अपने घर पहुंचे। घटना के बाबत स्थानीय थाने में चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर पुत्री को अगवा कर ले जाने का आरोप लगाया। घटना के बाबत नामजद तहरीर मिलने के 24 घंटे बाद भी पुलिस अभी मौन साधना में लीन है। वहीं पीड़ित परिवार थाने का चक्कर काट रहा है। इस घटना से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)