पत्नी ने दरोगा को भिजवाया जेल

Youth India Times
By -
0


अप्राकृतिक दुष्‍कर्म और दहेज उत्‍पीड़न का लगाया आरोप
गोरखपुर। अप्राकृतिक दुष्कर्म और दहेज उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने एक दरोगा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गोरखपुर में तैनात दरोगा पर उसकी पत्नी ने मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
देवरिया के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की शादी वर्ष 2014 में रुद्रपुर क्षेत्र के एक युवक से हुआ था। युवक उस समय दरोगा के पद पर गोरखपुर में तैनात था। महिला के अनुसार ससुराल आने के बाद से ही उसका उत्पीड़न शुरू हो गया। उसके दरोगा पति ने उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म भी किया। वर्ष 2017 में मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। बाद में परिजनों के हस्तक्षेप से वह वापस ससुराल आई लेकिन हालात जस के तस रहे। आरोप है कि 20 लाख रुपये दहेज की मांग करते हुए उसका पति उसके साथ मारपीट व उत्पीड़न करता रहा। महिला का आरोप है कि पति का अपनी भाभी से अवैध संबंध है। इसके चलते उसके भाई ने भी अपनी जान दे दी थी। दरोगा ने मार्च 2020 में उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। कुछ दिन बाद अपने दो बच्चों के साथ फिर से ससुराल वापस गई तो दरोगा और उसके परिजनों ने घर में ही नहीं घुसने दिया।

पिछले दिनों इस मामले में पीड़ित महिला ने रामपुर कारखाना पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने छानबीन के बाद आरोपी दरोगा के खिलाफ अप्राकृतिक दुष्कर्म, मारपीट और दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपी दरोगा की वर्तमान में भी गोरखपुर में ही तैनाती है। थानेदार मनोज कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। मामला सही पाए जाने पर गुरुवार को रामपुर कारखाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।


Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)