भाजपा विधायक के आवास के पास जल निगम कर्मचारी की ऑफिस में गोली मारकर हत्या

Youth India Times
By -
0


बरेली। यूपी के बरेली में भाजपा शहर विधायक के घर के पास जल निगम कर्मचारी की ऑफिस में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। जल निगम कर्मचारियों और पुलिस ने गोली मारकर सुसाइड की आशंका व्यक्त की है। परिवार वालों ने हत्या करने का आरोप लगाते हुए ऑफिस में हंगामा किया। प्रेमनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौके से .32 बोर पिस्टल बरामद की गई है।
सीबीगंज में बादशाह नगर के रहने वाले गुलाब राय उपाध्याय (50) दुर्गा नगर बीडीए कॉलोनी में रहते हैं। वह जल निगम में फिटर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। दिव्यांग होने की वजह से उन्हें लैब में अटैच किया हुआ था। बुधवार देर शाम 7:37 पर जल निगम के ऑफिस में फायर की आवाज हुई। कर्मचारी बलवीर व अन्य लोग दौड़े देखा तो गुलाब राय उपाध्याय का शव पड़ा हुआ था। कुछ दूर पर तमंचा पड़ा था।
मामले की सूचना प्रेमनगर पुलिस को दी गई। जिस पर एसपी सिटी सीओ , इंस्पेक्टर प्रेमनगर मौके पर पहुंच गये। उन्होंने शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर फिंगरप्रिंट और फोटोग्राफ्स लिए। पुलिस की सूचना पर उनके भाई योगेश उपाध्याय, बेटा शुभम केशव कुबेर पहुंच गए। उन्होंने हत्या करने का आरोप लगाकर ऑफिस में हंगामा किया।
छह माह से नहीं मिला था गुलाब को वेतन
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि गुलाब राय के खिलाफ लंबे समय से लोग आरटीआई डालकर सूचना मांग रहे थे। इससे वह परेशान थे। 6 माह से वेतन भी नहीं मिल रहा था। इसी बात को लेकर वह तनाव में चल रहे थे।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया, जल निगम में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की गोली लगने से मौत हुई है। बताया जाता है कि वह परेशान चल रहे थे। मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)