आजमगढ़ : भगवा सरकार ने प्रदेश को बर्बादी की कगार पर खड़ा कर दिया

Youth India Times
By -
0

सपा नेता ने कहा दूसरे के किए कामों को भाजपा अपनी उपलब्धि बता रही है इससे बड़ी बेशर्मी क्या
आगामी विधानसभा चुनाव में 352 सीट जीत कर सत्ता हासिल करेगी सपा—आजमी 
आजमगढ़। महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पार्टी के फायर ब्रांड नेता अबू आसिम आजमी अपने गृह जनपद पहुंचकर अपने चर्चित तेवर में नजर आए। उन्होंने दावा किया कि सपा आगामी विधानसभा चुनाव में 352 सीट जीत कर सत्ता हासिल करेगी। हालांकि पार्टी अध्यक्ष का दावा है कि हम 400 से ऊपर सीटें जीतेंगे। उन्होंने भाजपा के साढ़े वर्ष के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे बड़ी बेशर्मी क्या हो सकती है कि दूसरे के किए कामों को भाजपा अपनी उपलब्धि बता रही है। बंगाल में बने ओवरब्रिज ब्रिज को वे अपना बता रहे हैं। मुख्यमंत्री हमारे अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा कराए गए कार्यों का नाम बदल कर क्रेडिट ले रहे हैं। भगवा सरकार ने प्रदेश को बरबादी के कगार पर खड़ा कर दिया। इलाज नहीं है, लाशें गंगा में बह रही हैं। सर्वे रिपोर्ट बता रही है कि सूबे में सबसे ज्यादा लॉ एंड ऑर्डर खराब है। महिलाओं के साथ अपराध में प्रदेश आगे है। साढ़े चार साल हुए हैं तो अब उम्मीद लगाए हैं लेकिन जब कोई मरता है तो उसका तोहफा कबूल नहीं होता। इनसे बड़ा झूठा कोई नहीं हो सकता। उन्होंने अन्य दलों से गठबंधन के सवाल पर कहा कि बसपा बीजेपी की दलाली कर रही है और कांग्रेस लगभग खत्म हो गई है। सपा की अन्य राजनैतिक दलों से बात चल रही है। पिछड़े दलित अल्पसंख्यक सभी हमारे साथ हैं और समाजवादी पार्टी को जीताएंगे। अबू आसिम आजमी ने अब्बाजान के जुमले पर कहा कि यह पोलराइजेशन के लिए हो रहा है लेकिन जनता सब समझ रही है। लोगों को भ्रम में नहीं पड़ना चाहिए। कभी मुस्लिमों का डर दिखाकर कभी हिंदू-मुस्लिम को लड़ा कर वोट कब तक मांगेंगे। अब जनता विकास चाहती है। आजादी के बाद से अब तक जितना विकास कार्य अखिलेश यादव ने किया है उतना किसी ने नहीं किया है। श्री आजमी ने एआईएमआईएम के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी के प्रदेश में चुनाव लड़ने पर उनके नाम पर अनभिज्ञता जताते हुए आजमी ने कहा कि यह कौन है। फिर पूछने पर कहा कि ऐसे छोटे-मोटे खरपतवार आते-जाते रहते हैं, सब साफ हो जाएंगे। अबू आसिम आजमी जिला मुख्यालय पर स्थित नेहरू हाल में आयोजित पूर्व समाजवादी नेता स्व. ईशदत्त यादव की पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे। कार्यक्रम में उनके पहुंचने पर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)