आजमगढ़: नदी में उतराया मिला अधेड़ का शव

Youth India Times
By -
0

एक दिन पूर्व घर से मछली का शिकार करने निकला था मृतक
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। घर से मछली का शिकार करने एक दिन पूर्व निकले अधेड़ का शव शनिवार को दिन में क्षेत्र के कुसमुलिया गांव के पास नोनी नदी में उतराया मिलने से क्षेत्र में हलचल मच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। क्षेत्र में लोकप्रिय रहे मृतक के घर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है।
मेंहनगर कस्बे के जवाहर नगर वार्ड निवासी 52 वर्षीय शिवशंकर पासवान उर्फ गाटे पुत्र स्वर्गीय धनराज पासवान शुक्रवार की रात घर से साइकिल और जाल लेकर मछली का शिकार करने की बात कहकर क्षेत्र में स्थित नोनी नदी की ओर गए थे। सुबह घर न पहुंचने पर परिजनों ने उनकी मोबाइल फोन पर काल कर संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन मोबाइल स्विच आफ मिला। सुबह करीब 8.30 बजे शिवशंकर की पत्नी कौशल्या देवी पति की तलाश करते नोनी नदी के तट पर पहुंची। वहां पुल के पास पति की साइकिल और चप्पल देखकर पत्नी अवाक रह गई। घर लौट कर यह बात उसने परिजनों को बताई। अनहोनी की आशंकावश परिजन व उनके शुभचिंतक शिवशंकर की तलाश में निकल पड़े। पूर्वाह्न करीब 11 बजे शिवशंकर का शव कुसमुलिया गांव के समीप नदी में उतराया मिला। शव लेकर लोग घर पहुंचे, जिसे देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौत की जानकारी के बाद मृतक के दरवाजे पर क्षेत्रीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर क्षेत्रीय विधायक कल्पनाथ पासवान व नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक चौहान सहित तमाम संभ्रांत लोग शोक संवेदना व्यक्त करने मृतक के घर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक शिव शंकर ने वर्ष 1996 में नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सपा समर्थित उम्मीदवार के रूप में अपना भाग्य आजमाया था। मिलनसार स्वभाव के चलते क्षेत्र में वह काफी लोकप्रिय थे। मृतक के दो पुत्र व तीन पुत्री बताए गए हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)