भाजपा मंडल अध्यक्ष को दारोगा और सिपाहियों ने लाठी-डंडों से पीटा

Youth India Times
By -
0

अलीगढ़। अलीगढ़ में भाजपा के मंडल अध्यक्ष के लाठी-डंडों से पीटे जाने का मामला सामने आया है। किसी और ने नहीं बल्कि दारोगा और सिपाहियों ने भाजपा नेता की पिटाई की है। मामला अतरौली थाना इलाके के जिरौली धूम सिंह चैकी का है। यहां पर चैकी प्रभारी सचिन कुमार और दो सिपाहियों संदीप और नाहर सिंह पर आरोप लगा है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने फिलहाल तीनों को लाइन हाजिर कर पूरे मामले की जांच एसपी ग्रामीण शुभम पटेल को सौंपी है। बताया जा रहा है कि भाजपा के मंडल अध्यक्ष दिगंबर सिंह का गांव में विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों ही पक्ष के लोगों में मारपीट हो गई। पुलिस लड़ने वाले दोनों पक्ष के लोगों को थाने में ले आई। इसके बाद उन लोगों को छुड़ाने पहुंचे दिगंबर सिंह के साथ चैकी इंचार्ज व दो सिपाहियों ने मारपीट की। 


दिगंबर की पुलिस पिटाई की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और हंगामा करते हुए थाने का घेराव कर लिया। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष भी पहुंच गए। उनके पहुंचने पर मंडल अध्यक्ष को थाने से छोड़ा गया। जिलाध्यक्ष ने पूरे मामले से एसएसपी को अवगत कराया। इसके बाद दारोगा और दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया। पूरे घटनाक्रम पर जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शुभम पटेल ने बताया कि अतरौली थाना इलाके के एक गांव में दो पक्षों के बीच लड़ाई हो गई थी। दोनों पक्षों को थाने लाया गया। यहां पहुंचे दिगंबर सिंह के साथ दारोगा और सिपाहियों ने मारपीट और दुर्व्यवहार किया है। एसपी ने आगे बताया कि मामले में प्रारंभिक रूप से एक्शन लेते हुए चैकी इंचार्ज व दो सिपाहियों को लाइन हाजिर किया गया है। जल्द जांच कर रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)