पंचायत चुनाव परिणाम: विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को बूस्टर डोज

Youth India Times
By -
0

75 में से 67 सीटों पर जमाया कब्जा, सपा को बड़ा झटका, मिलीं 5 सीटें
लखनऊ। यूपी जिला पंचायत चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिली है। माना जा रहा है कि यूपी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को बूस्टर डोज मिली है। 2015 में यूपी की आधी से ज्यादा सीटों पर राज करने वाली सपा को करारा झटका लगा है। भाजपा ने कांग्रेस और सपा की गढ़ कहे जाने वाले जिलों भी सेंधमारी की है। सोनिया गांधी की ससंदीय सीट रायबरेली और सपा के मैनपुरी जिले में भी भाजपा ने अपना परचम फहराया है। जिला पंचायत चुनाव परिणाम को 2022 के विधानसभा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। वेस्ट यूपी में भी एक सीट को छोड़कर 13 जिलों में विपक्ष पूरी तरफ से साफ हो गया। यहां भी भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। बागपत में रालोद ने कब्जा बरकरार रखा। 75 में से 67 भाजपा, पांच सपा, एक-एक लोकदल और जनसत्ता दल ने सीट जीती। वहीं एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई है। बलिया और एटा में सपा उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। आजमगढ़ में सपा की एक तरफा जीत हुई है। वहीं बुंदेलखंड की सात सीटों में से तीन पर चुनाव हुआ। चार पहले ही निर्विरोध जीतकर भाजपा के खाते में चली गईं। शेष तीन पर भी भाजपा ने चुनाव जीतकर बाजी मार ली।
जीतने वाले भाजपा उम्मीदवारों को सीएम योगी ने दी बधाई
जिला पंचायत चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर सीएम योगी ने बधाई दी है। 75 में से 67 सीटों पर भाजपा की जीत पर सीएम योगी ने कहा कि यह जीत पार्टी की बड़ी उपलब्धि है। वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी भाजपा की इस जीत को ऐतिहासिक जीत बताया। उन्होंने कहा कि सपा ने इन चुनावों में जीतने के लिए अपने गुंडों और माफियाओं को सत्ता से हटा दिया है, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। डिप्टी सीएम ने ट्वीट कर कहा कि मैं बहुत खुश हूं। मैं जिला पंचायत सदस्यों को धन्यवाद देता हूं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी भाजपा की जीत को 2022 की जीत बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 75 जिला पंचायत अध्यक्ष सीटों से 67 सीटों पर जीत हासिल की है। हम 2022 का विधानसभा चुनाव भी जीतेंगे।
पूर्वांचल में भी सपा पर भारी पड़ी भाजपा, आधी से ज्यादा सीटों पर कब्जा
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में पूर्वांचल में भी सपा पर भाजपा भारी पड़ी है। आधी से ज्यादा सीटों पर उसका कब्जा हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्रों वाराणसी और आजमगढ़ समेत दस जिला पंचायत अध्यक्ष की सीटों में से 6 सीटें बीजेपी और उसकी सहयोगी अपना दल के पाले में आ गई हैं। सपा को केवल दो सीटों बलिया और आजमगढ़ में जीत मिली है। दो सीटों पर निर्दल जीते हैं। भदोही में भाजपा विधायक रविंद्र त्रिपाठी के भाई और जौनपुर में जीते निर्दल प्रत्याशियों के भाजपा में धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला को जीत मिली है। इन दोनों के भी भाजपा में शामिल हो जाने की उम्मीद जताई जा रही है। वाराणसी और मऊ में पहले ही भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध चुने जा चुके थे। शनिवार को मिर्ज़ापुर, गाजीपुर, चंदौली और सोनभद्र बीजेपी गठबंधन ने जीत ली। 
ब्रज की छह सीटों पर भाजपा का कब्जा
जिला पंचायत चुनाव में भाजपा ने विपक्षियों को धूल चटा दी है। भाजपा ने ब्रज में भी अपना परचम फहरा दिया है। यहां की 6 सीटों में से 5 पर भाजपा ने जीत दर्ज की। 5 सीटों में से एक जीत निर्विरोध दर्ज हुई थी। वहीं एक सीट सपा के खाते में गई। मथुरा में भाजपा के किशन चौधरी ने रालोद-सपा के संयुक्त प्रत्याशी राजेंद्र सिंह सिकरवार को 11 मतों से हराया। यहां कुल सदस्यों की संख्या 33 थी। फिरोजाबाद में दिन भर चले नाटकीय घटनाक्रम के बाद भाजपा की हर्षिता सिंह को जीता घोषित किया गया। उन्होंने सपा की रुचि यादव को 8 वोटों से हराया। यहां कुल सदस्यों की संख्या 33 थी। इनमें से हर्षिता सिंह को 19, रुचि को 11 वोट मिले और 3 वोट निरस्त घोषित किए गए। निरस्त मतों में भाजपा के दो और सपा का एक मत है।
मेरठ समेत 13 जिलों में भाजपा का कब्जा
जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा ने इस बार इतिहास रच दिया है। पहली बार मेरठ, मुजफ्फरनगर समेत 13 जिलों में भाजपा ने परचम लहराया है। बागपत को छोड़ विपक्ष का सफाया कर दिया। बागपत में रालोद ने कब्जा बरकरार रखा। सात सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत दर्ज की है। स्थापना के बाद से आज तक पश्चिमी उप्र में भाजपा ने इतनी बड़ी जीत दर्ज नहीं की। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा ने सभी 14 सीटों पर ताल ठोंका था। नामांकन वापसी के बाद गत शनिवार को ही मेरठ, बुलन्दशहर, सहारनपुर समेत पश्चिमी उप्र की सात सीटों पर भाजपा ने निर्विरोध जीत दर्ज कर ली। सात सीटों पर मुकाबला था। पहली बार पश्चिमी उप्र में भाजपा की झोली में जिला पंचायत अध्यक्ष के 13 पद आए हैं, जो एक रिकॉर्ड है। मुजफ्फरनगर में भाजपा ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। वहीं रालोद ने बागपत पर कब्जा जमाए रखा। बसपा, सपा, कांग्रेस और निर्दलीयों का सफाया हो गया। 
आजम और बर्क के गढ़ में भी सपा की हार
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा ने मंडल की सभी सीटें जीत ली हैं। मुरादाबाद और अमरोहा में भाजपा के प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे, जबकि रामपुर और संभल में शनिवार को कड़ी सुरक्षा में मतदान कराया गया। दोपहर बाद दोनों ही सीटों के परिणाम घोषित कर दिए गए। आजम खां के गढ़ में भाजपा ने अपनी सीट को बरकरार रखा। यहां से भाजपा प्रत्याशी ख्याली राम लोधी जीते हैं, जबकि डॉ. बर्क के गढ़ संभल में भाजपा ने इतिहास रहते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर पहली बार जीत हासिल की है। संभल में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर सपा पिछले दस साल से काबिज थी, जिसे भाजपा की अनामिका यादव ने छीन लिया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)