भाजपा विधायक की कार पर सपाइयों ने फेंका धान

Youth India Times
By -
0

माहौल हुआ तनावपूर्ण, पुलिस ने संभाला मोर्चा
मऊ। मऊ में बदहाल सड़क और उस पर हुए जलजमाव को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। सड़क के गड्ढों में भरे पानी में ही धान की रोपाई की। इस दौरान वहां से गुजर रहे भाजपा विधायक विजय राजभर की कार पर भी धान की पौध फेंककर गुस्सा उतारा। विधायक की कार पर धान फेंकने से कुछ देर के लिए मामला तनावपूर्ण हो गया। इससे पहले कि मामला बिगड़ता पुलिस ने किसी तरह संभाल लिया।
मऊ के घोसी तहसील क्षेत्र की अमिला-अजमतगढ़ मार्ग गड्ढे में तब्दील हो गया है। अमिला कस्बा क्षेत्र का अमिला-अजमतगढ़ प्रमुख मार्ग होने से लोगों का देर रात तक आवागमन रहता है। बारिश के बाद सड़क तालाब की शक्ल में तब्दील हो गई है। इसके चलते सड़क दुर्घटना का ग्राफ बढ़ गया है। समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनीत कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को लगभग 12 बजे बदहाल सड़क पर जलजमाव के विरोध में सड़क पर धान की रोपाई करना शुरू किया।
इसी बीच अपराह्न लगभग एक बजे भाजपा विधायक विजय राजभर का वाहन सड़क से होकर गुजर रहा था। नाराज सपाजनों ने घोसी विधायक विजय राजभर के वाहन पर धान फेंककर जमकर नारेबाजी करने लगे। लगभग 20 मिनट तक विधायक के वाहन को रोककर नारेबाजी करने लगे। सपा कार्यकर्ताओं के विरोध के दौरान पुलिस प्रशासन पंगु नजर आया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने मामले को शांत कराया। सूचना पाकर जब तक कोतवाल मौके पर आए तब तक विधायक जा चुके थे।

Tags:

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)