भाजपा का मिशन 2022 प्लान तैयार

Youth India Times
By -
0


ओबीसी और गरीबों को साधने के लिए केंद्रीय मंत्रियों को विशेष टास्क

सांसदों को भेंट की गई राज्य सरकार की उपलब्धियों की पुस्तकें
लखनऊ। केंद्र सरकार में उत्तर प्रदेश से बने सात नये मंत्रियों और सांसदों को मिशन-2022 के लिए केंद्रीय नेतृत्व ने विशेष टास्क दिया है। यूपी कोटे के मंत्रियों की राज्य में आगमन और जगह-जगह उनके स्वागत का रूट मैप भाजपा प्रदेश कमेटी तैयार करेगी। यूपी कोटे के मंत्री और सांसद जनकल्याणकारी नीतियों से लोगों को जोड़ने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मेडिकल में ओबीसी के लिए 27 फीसदी तथा गरीब सवर्णों के लिए 10 फीसदी आरक्षण की चर्चा हर मौके पर लोगों के बीच करते नजर आएंगे।
गुरुवार को देर शाम नई दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के काशी, अवध और गोरखपुर प्रांत के सांसदों के साथ विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियों पर मंथन किया। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी उपस्थित थे।
इस मंथन में यह तय हुआ कि यूपी कोटे के केंद्रीय मंत्री के राज्य में आने का रोड मैप भाजपा प्रदेश कमेटी तय करेगी। मंत्रियों के स्वागत कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के बीच केंद्र सरकार की उपलब्धियों और लोक कल्याणकारी कायक्रमों को जनता के बीच पहुंचाया जाएगा। स्वागत में जुलूस भी निकाले जाएंगे।
लोकसभा का सत्र समाप्त होने पर राज्य में जगह जगह प्रबुद्ध सम्मेलन, आंगनबाड़ी सम्मेलन, आशा बहू सम्मेलन तथा पिछड़ा वर्ग सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में सांसद शामिल होंगे।
सांसदों को सप्ताह में दो दिन वैक्सीनेशन सेंटर भ्रमण का लक्ष्य भी दिया गया है। भाजपा के सेक्टर को शक्ति केंद्र नाम दिया जाएगा। सांसद बूथों का सत्यापन करेंगे। पांच अगस्त को जब पीएम राशन की दुकानों पर लाभार्थियों से सीधे संवाद स्थापित करने का कार्यक्रम करेंगे तो इसे बड़ी उपलब्धि के रूप में जनता के सामने रखा जाएगा। जगह-जगह एलईडी स्क्रीन पर इस कार्यक्रम को देखने की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सांसद प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को आमजनता और गरीबों तक ले जाएं। लोगों को बताएं कि सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए क्या किए हैं।
इस बैठक में प्रदेश सरकार की तरफ से सभी सांसदों को राज्य सरकार की उपलब्धियों से संबंधित पुस्तकें दी गई। ओडीओपी कार्यक्रम के तहत शिल्पियों द्वारा बनाए गए बैग में मुख्यमंत्री के कृतित्व व व्यक्तित्व पर प्रकाश डालती पुस्तक के साथ ही राज्य सरकार के 52 महीनों के कार्यकाल में जन कल्याण के लिए किए गए कार्यक्रम तथा उनके सफल क्रियान्वन व उपलब्धियों की जानकारी से भरी पुस्तिकाएं रखकर सांसदों को दी गईं। प्रदेश सरकार अपनी उपलब्धियों की जानकारी वाली ये पुस्तिकाएं गांव-गांव लोगों तक पहुंचाने की मुहिम में है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)