भाजपा नहीं, कप्तान और कलेक्टर लड़ रहे जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव

Youth India Times
By -
0

बीजेपी चाहे जिस चेहरे पर लड़े, जनता करेगी बेदखल-अखिलेश 
लखनऊ, 20 जून। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 में जनता भाजपा को सत्ता से बेदखल करने जा रही है। वह चाहे जिस चेहरे पर चुनाव लड़े,जनता अब नहीं मूड बदलने वाली है। सीएम योगी चुनाव से पूर्व किए गए किसी वायदे को पूरा नहीं कर पाए। जनता जानना चाहती है कि संकल्प पत्र में जो वायदे किए थे उनको पूरा क्यों नहीं किया। वह सैफई में मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा को बताना होगा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए क्या किया। किसानों, बेरोजगारों, शिक्षित युवाओं, नौकरी पेशा लोगों के लिए क्या किया। पूरे पांच साल समाज का हर वर्ग प्रताड़ित रहा। पेट्रोल डीजल महंगा हुआ है। बढ़ती महंगाई पर जवाब देना चाहिए। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के बारे में कहा कि जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव में जनता ने भाजपा को नकार दिया है। इनके सदस्य नहीं जीते जिसके परिणाम सामने हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए भाजपा चुनाव नहीं लड़ रही है बल्कि जिलों के कप्तान और कलेक्टर चुनाव लड़ रहे हैं। मुलायम सिंह यादव अपने भाई की पौत्री दीपाली की शादी समारोह में शामिल होने के लिए शनिवार को अपने बेटे अखिलेश यादव के साथ सैफई पहुंचे। रविवार को विवाह समारोह में सपा का पूरा कुनबा पहुंचा। सैफई महोत्सव के संस्थापक स्वर्गीय रणवीर सिंह यादव की बेटी और पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव की बहन दीपाली का रविवार को विवाह है। इसमें शामिल होने के लिए शनिवार दोपहर बाद हवाई जहाज से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव सैफई हवाई पट्टी पहुंचे। प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भी पहुंच गए। पूर्व सांसद डिंपल यादव बच्चों के साथ एक दिन पहले ही आ गई थीं। परिवार के लोगों से मिलने के बाद मुलायम सिंह इटावा शहर स्थिति आवास पर पहुंच गए थे। शनिवार को क्षेत्र के लोगों के लिए भोज का आयोजन किया गया। भोज में आए लोगों की शिवपाल सिंह यादव ने अगवानी की। कोविड प्रोटोकाल के चलते सीमित संख्या में लोगों को आमंत्रित किया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)