जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव: शुरू हुआ कानूनी खेल

Youth India Times
By -
0

सपा-रालोद नेताओं पर के ईंट-भट्टे पर छापे, कई अस्पताल किये गये सील 
अलीगढ़। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव से पहले जिले में दिनभर सपा व रालोद नेताओं के अस्पताल, ईंट भट्टों पर छापे मारे गए। सरकारी मशीनरी ने इगलास में रालोद नेत्री व जिपं सदस्य सुलेखा चैधरी का अस्पताल सील कर दिया तो दूसरी तरफ अकराबाद में जिपं अध्यक्ष प्रत्याशी अर्चना यादव के पति संजय यादव के ईंट भट्टे पर एसडीएम ने ईंट उत्पादन का कार्य रुकवा दिया। वहीं स्वर्ण जंयती नगर में सपा जिलाध्यक्ष गिरीश यादव के अपार्टमेंट पर अचानक पुलिस पहुंच गई। सूचना पर सपाई एकत्रित हो गए। कुछ देर बाद बिना कार्रवाई के पुलिसबल लौट गया। सपा-रालोद नेताओं ने इस कार्रवाई को जिपं अध्यक्ष पद के चुनाव के चलते दवाब बनाए जाने के लिए किया जाना बताया है। अकराबाद थाना क्षेत्र में करहला जुझारपुर मार्ग पर पर सपा नेता संजय याजव का एनबीसी ईंट उद्योग के नाम से भट्टा है। इनकी पत्नी अर्चना यादव जिला पंचायत अध्यक्ष पद की प्रत्याशी हैं। मंगलवार को सुबह करीब साढ़े नौ बजे एसडीएम कोल कुंवर बहादुर सिंह, जिला खनन अधिकारी अनंत कुमार सिंह, तहसीलदार और एसओ अकराबाद के साथ पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। टीम ने प्रदूषण नियंत्रण, मिट्टी खनन की अनुमति, खनन शुल्क जमा करने के प्रपत्र, ईंट भट्टे की जमीन की खसरा-खतौनी सहित अन्य दस्तावेज चेक किए गए। दस्तावेजों की जांच घंटों तक चली। दस्तावेजों में खनन विभाग का विनिमय शुल्क जमा नहीं होने व अन्य कमियां पाए जाने पर ईंट भट्टा संचालन पर रोक व ईंट बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया।
अकराबाद के बाद दोपहर में एसडीएम इगलास कुलदेव सिंह व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कस्बे में चल अवैध अस्पतालों पर कार्यवाही की। गोरई कस्बे में रालोद की जिला पंचायत सदस्य सुरेखा चैधरी का अमित नर्सिंग होम हैं। वहा गठबंधन प्रत्याशी अर्चना यादव की प्रस्ताव भी हैं। टीम ने अस्पताल के दस्तावेज चेक किए। जिसके बाद अस्पताल को सील कर दिया गया। सुलेखा चैधरी के पति हरचरन चैधरी ने प्रशासन की कार्यवाही पर कहा कि गठबंधन प्रत्याशी का चुनाव प्रभावित कराने के लिए समर्थक सदस्यों पर दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन वह किसी दबाव में नहीं आएंगे। सपा जिलाध्यक्ष गिरीश यादव का स्वर्णजयंती नगर में श्रीजी अपार्टमेंट है। करीब 11 बजे अचानक अपार्टमेंट पर पुलिस व पीएसी पहुंच गई। क्षेत्र में चर्चा थी कि अवैध रूप से अपार्टमेंट बना हुआ है। अवैध भाग को ध्वस्त करने के लिए टीम आ रही है। इमारत में नियमानुसार सेटबैक नहीं होने पर तोडफोड़ की जा सकती है। सूचना पर सपा की जिला और महानगर टीम भी पहुंच गई। इस दौरान सपा नेता जिला उपाध्यक्ष रत्नाकर पांडेय, महानगर महासचिव मनोज यादव, महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोसी, राजेश सैनी, कृपाल सिंह, सलमान शाहिद, पूजा गौतम, अर्जुन ठाकुर, रंजीत यादव, संजीव शर्मा, पंकज यादव, कौशल दिवाकर, डॉ. गुलिस्ताना, इंदु यादव सहित कई सपाई पहुंच चुके थे। पुलिस को देख सपाइयों ने नारे लगाने शुरू कर दिये। सपाइयों और पुलिस के बीच कुछ कहासुनी भी हुई। इस संबंध में जब एडीए से जानकारी की गई तो अधिकारियों ने किसी तरह को नोटिस होने या कार्रवाई के लिए जाने से इंकार किया। उधर सपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी की जिला और महानगर कमेटी आगामी तीन जुलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाने के लिए साझा बैठक कर रही थी। इसलिए भीड़ देख कर पुलिस वहां पहुंच गई थी। इसके अलावा कोई बात नहीं है। करीब एक घंटे तक एडीए की टीम पहुंची ही नहीं। कुछ देर बाद पुलिस भी वापस लौट गई। 
संजय यादव, सपा नेता का कहना है कि भाजपा बदले की भावना से राजनीति कर रही है। पत्नी अर्चना जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सपा-रालोद गठबंधन की संयुक्त प्रत्याशी हैं। इसलिए नाम वापसी के दिन दबाव बनाने के लिए यह कार्रवाई की गई है। सपा इन कार्रवाई से डरने वाली नहीं है। पूरी दमदारी के साथ चुनाव लड़ा जाएगा। अनंत कुमार सिंह, जिला खनन अधिकारी ने बताया कि एनबीसी ईंट उद्योग खनन विभाग में पंजीकृत नहीं है। जो कि गलत है। बिना पंजीकरण के भट्टे का संचालन नहीं किया जा सकता है। भट्टे का एक विनिमय शुल्क भी नहीं जमा था। इसके चलते भट्टा संचालन रुकवाने व ईंट बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की कार्रवाई की गई है। रामबहादुर सिंह, जिलाध्यक्ष, रालोद का कहना है कि भाजपा के दवाब में सरकारी मशीनरी कार्य कर रही है। सपा-रालोद नेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी इसका ही उदाहरण हैं। यह गलत है। वहीं विजय सिंह, प्रभारी इंस्पेक्टर, थाना क्वार्सी ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा सूचना दी गई थी कि स्वर्णजयंती नगर में सपाई एकत्रित हो रहे हैं। सूचना पर पुलिस पहुंची थी। कुछ देर बाद पुलिस वहां से लौट आई थी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)