560 ग्राम पंचायत सदस्य की सीटों पर किसी ने नहीं की दावेदारी, 336 निर्विरोध

Youth India Times
By -
0

प्रयागराज। प्रयागराज के करछना क्षेत्र में ग्राम पंचायत सदस्य की कुल 896 सीटे हैं। इनमें से सिर्फ 336 सीट पर एक-एक उम्मीदवार हैं। सभी निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। 560 सीटों पर किसी ने दावेदारी नहीं की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्राम पंचायत सदस्य का पद कम महत्व का होने के कारण ग्रामीणों ने इसमें रुचि नहीं दिखाई। यही वजह रही कि सभी पदों पर लोगों ने दावेदारी भी नहीं की। इन पदों के लिए क्या होगा इस पर बाद में निर्णय लिया जाएगा। अभी तो जिन पदों के लिए मतदान हुआ है, उनकी समीक्षा का दौर चल रहा है। यह क्रम मतगणना के दिन तक जारी रहेगा। प्रत्याशी अपने स्तर पर इस बात का भी आकलन कर रहे हैं कि किसने उन्हें वोट दिया और किसने नहीं दिया। यह समीक्षा कोई जातीय आधार पर कर रहा है तो कोई दलीय गणना या फिर अन्य स्थानीय वजहों को लेकर गुणा-गणित में लगा है। करछना क्षेत्र में क्षेत्र पंचायत सदस्य की 118 सीट पर कुल 435 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। इसमें कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के करीबी भी अलग-अलग पदों पर भाग्य आजमा रहे हैं। बड़े नेताओं के करीबी प्रत्याशियों के गांव में खासा उत्साह और सरगर्मी भी बनी हुई है। हालांकि कोई किसी से कुछ भी कहने को तैयार नहीं है। मतदान के बाद सभी समीक्षा करने में जुटे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार करछना के बड़े गांव मुंगारी, डीहा पनासा, धरवारा, बशही, घटवा आदि में सीट आरक्षित होने से आमने सामने की टक्कर है। देवरी, टकटैया, पुरैनी, पचदेवरा आदि गांव में सामान्य सीट के कारण रोचक मुकाबला है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)