मुलायम सिंह यादव की बहू सहित 10 बीडीसी सदस्य निर्विरोध निर्वाचित

Youth India Times
By -
0

इटावा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की बहू, पूर्व केंद्रीय मंत्री बलराम सिंह यादव की पुत्रवधू और एक ही परिवार के पांच लोगों समेत 10 उम्मीदवार निर्विरोध क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए हैं। नामांकन प्रक्रिया और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब घोषणा और प्रमाणपत्र मिलने की औपचारिकता शेष है। सैफई वार्ड नंबर 20 से मुलायम सिंह यादव की बहू मृदुला यादव, विकासखंड ताखा के वार्ड नं 27 रिदौला से पूर्व मंत्री बलराम सिंह यादव की पुत्रवधू पीयूषा, वार्ड नं 43 से प्रसपा के नेता ध्रुव यादव की पत्नी प्रीति, चकरनगर के सिरसा क्षेत्र पंचायत से पूर्व ब्लाक प्रमुख की पत्नी सुनीता यादव निर्विरोध चुने गए। वहीं जसवंतनगर में जिगौरा गांव निवासी निवर्तमान ब्लाक प्रमुख अनुज यादव मोंटी, उनकी पत्नी डॉ. अंजली यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख डॉ. ब्रजेशचंद्र यादव, संतोष यादव, राजपाल सिंह यादव भी एक ही परिवार से निर्विरोध चुने गए। भाजपा के पूर्व विधायक केके राज की पत्नी बबीता राज महेवा ब्लाक की वार्ड संख्या 87 से निर्विरोध चुनी गई हैं।
मृदुला के प्रमुख बनने का रास्ता साफ-सैफई महोत्सव के संस्थापक व दिवंगत ब्लाक प्रमुख रणवीर सिंह यादव की पत्नी मृदुला यादव के ब्लाक प्रमुख बनने का रास्ता साफ हो गया है। आरक्षण में पहली बार सैफई ब्लाक प्रमुख की सीट को पिछड़ा वर्ग महिला कर दिया गया है। वहीं पीयूषा यादव एक बार ताखा से ब्लाक प्रमुख भी रह चुकी हैं। पीयूषा ने रिदौली अधीनी के वार्ड नं. 27 से नामांकन किया था। ताखा ब्लाक से ही प्रसपा नेता ध्रुव यादव चीनी की पत्नी प्रीती यादव भी बेलाहार क्षेत्र के वार्ड संख्या 43 से निर्विरोध चुनी गई हैं। चकरनगर ब्लाक से सुनीता यादव भी सिरसा क्षेत्र पंचायत से निर्विरोध चुनी गई हैं।
जिगौरा के एक परिवार से पांच लोग निर्वाचित-जिगौरा गांव निवासी निवर्तमान ब्लाक प्रमुख अनुज यादव मोंटी के परिवार के पांच लोग निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इनमें उसकी पत्नी डॉ. अंजली यादव, मोंटी के पिता पूर्व ब्लाक प्रमुख डॉ. बृजेशचंद्र यादव, उनकी मां संतोष यादव व चाचा राजपाल सिंह यादव भी निर्विरोध चुने गए। यहां ब्लाक प्रमुख सीट महिला सामान्य हुई है। माना जा रहा है कि मोंटी की मां या उनकी पत्नी ब्लाक प्रमुख के लिए दावेदारी करेंगी। 
राज्यमंत्री की भाभी का फतेहपुर में निर्विरोध प्रधान बनना तय-ऐरायां ब्लाक के अल्लीपुर बहेरा गांव में प्रदेश के खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप उर्फ धुन्नी सिंह की भाभी अनुसुइया देवी के खिलाफ किसी ने भी पर्चा दाखिल नहीं किया। अब वह निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुई हैैं, बस औपचारिक घोषणा बाकी है। रिटर्निंग आफीसर महेंद्र सिंह ने बताया कि अल्लीपुर बहेरा से प्रधान पद पर मात्र अनुसुइया देवी का पर्चा दाखिल हुआ है। नामांकन पत्र की जांच व वापसी के बाद निर्विरोध प्रधान बनने का प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इस गांव में प्रधान पद के लिए वोट नहीं डाले जाएंगे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)