आजमगढ़ : खेत से घर लौट रही महिला का पोखरी में मिला शव

Youth India Times
By -
0

मां के साथ खेत में फसल काटने गई थी 34 वर्षीय मृतका

आजमगढ़। जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र के रायपुर काजी मलिक गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। मां के साथ खेत में फसल काटने गई 34 वर्षीय महिला का शव गांव की पोखरी में उतराया मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही मेंहनगर पुलिस भी पहुंच गई और जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान गांव निवासी 34 वर्षीय दीपा पुत्री स्वर्गीय जगदीश राम के रूप में हुई। दीपा अविवाहित थी और अपने मायके में ही रहती थी। वह तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। परिवार की सबसे बड़ी बेटी की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार, मंगलवार को दीपा अपनी मां के साथ खेत में फसल काटने गई थी। कुछ देर बाद वह खेत से घर जाने के लिए निकली, जबकि उसकी मां खेत में ही काम करती रही। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब दीपा घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित गांव की पोखरी में दीपा का शव उतराया दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भीड़ जुट गई। दीपा की मौत की खबर सुनते ही मां और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)