‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम पर पांच विधाओं में हुई प्रतियोगिताएं, विजेता प्रतिभागी मंडल स्तरीय उत्सव में करेंगे प्रतिभाग
आजमगढ़। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से शनिवार को प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज, अटलस पोखरा के परिसर में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 के कल्चरल ट्रैक (राष्ट्रीय युवा उत्सव) के अंतर्गत जनपद स्तरीय युवा उत्सव एवं प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवा प्रतिभागियों ने अपनी कला और रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने मां विद्यावादिनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी सुल्तान सिंह ने मुख्य अतिथि, निर्णायक मंडल के सदस्यों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने युवा उत्सव के उद्देश्यों एवं आयोजन की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि अनुराग श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं को अपनी कला और प्रतिभा के माध्यम से जनपद, मंडल और प्रदेश का नाम रोशन करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
भारत सरकार द्वारा निर्धारित 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' थीम पर आधारित प्रतियोगिता पांच विधाओं में आयोजित की गई। इसमें लोक नृत्य (समूह), लोक गीत (समूह), नुक्कड़ नाटक (समूह), पेंटिंग और कविता लेखन शामिल रहे।
प्रतियोगिता के परिणाम में लोक नृत्य (समूह) में प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज, आजमगढ़ की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लोक गीत (समूह) में चिल्ड्रेन हायर सेकेंडरी स्कूल, आजमगढ़ की टीम प्रथम रही। वहीं नुक्कड़ नाटक (समूह) में प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने बाजी मारी।
प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए विशेषज्ञ निर्णायक मंडल में डॉ. निशा यादव, सपना बनर्जी, वरिष्ठ रंगकर्मी सुनील दत्त विश्वकर्मा, डॉ. संजय, प्रीति श्रीवास्तव और आरएस तिवारी शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।
समापन अवसर पर पूर्व जिला युवा कल्याण अधिकारी राजनेति सिंह ने विजेता प्रतिभागियों एवं टीमों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। जिला युवा कल्याण अधिकारी सुल्तान सिंह ने बताया कि जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी विजेता प्रतिभागी रविवार, 22 नवंबर को इसी विद्यालय परिसर में आयोजित मंडल स्तरीय युवा उत्सव के कल्चरल ट्रैक में प्रतिभाग करेंगे।
इसके अलावा माय भारत पोर्टल पर निबंध प्रतियोगिता के आधार पर चयनित 38 प्रतिभागी भी 22 नवंबर को इसी स्थल पर आयोजित चैलेंज ट्रैक की डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप के पीपीटी राउंड में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक रामाकांत वर्मा, कार्यक्रम प्रभारी अनीश कुमार मौर्य, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी अखिलेश्वर मौर्य, विवेक रंजन यादव, रोहित कुमार यादव सहित विभागीय कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।

