आज़मगढ़ : स्वस्थ आजमगढ़ की दिशा में पहल, राज ललित नेत्रालय एवं मेदांता अस्पताल लखनऊ के संयुक्त शिविर में 262 मरीजों का उपचार

Youth India Times
By -
0

 

100 बच्चों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण, विजन टेस्ट व दवा वितरण; स्वकून फाउंडेशन की ओर से बच्चों को गिफ्ट हैंपर
हमारा प्रयास है कि चिकित्सा सुविधाएं केवल अस्पतालों तक सीमित न रहें, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक पहुंचें : डॉ. राज कुमार सिंह
आजमगढ़। स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक सार्थक पहल करते हुए राज ललित नेत्रालय एवं मेदांता अस्पताल, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लखनऊ से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव दिए।
शिविर में पेट रोग, हड्डी एवं जोड़ रोग, नेत्र रोग तथा जनरल मेडिसिन सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे। मरीजों के लिए ब्लड प्रेशर, रैंडम ब्लड शुगर, ड्राई आई टेस्ट, बीएमडी, ईसीजी, ब्लड टेस्ट एवं पीएफटी जैसी विभिन्न जांच सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। शिविर में कुल 262 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवा वितरण किया गया।
इसके अतिरिक्त लगभग 100 छोटे बच्चों का निःशुल्क नियमित नेत्र परीक्षण एवं विजन टेस्ट किया गया साथ ही उनके उत्साहवर्धन एवं उनके प्रति विशेष स्नेह प्रदर्शित करते हुए स्वकून फाउंडेशन की ओर से बच्चों को निःशुल्क गिफ्ट हैंपर भी वितरित किए गए।
डॉ. राज कुमार सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा ही समाज के प्रति सबसे बड़ा दायित्व है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि चिकित्सा सुविधाएं केवल अस्पतालों तक सीमित न रहें, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक पहुंचें। कई बार लोग आर्थिक अथवा अन्य कारणों से समय पर स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते, ऐसे शिविर उनके लिए काफी लाभकारी होते हैं। विशेषकर आंखों की नियमित जांच बेहद जरूरी है, क्योंकि समय रहते कई समस्याओं की पहचान कर दृष्टि को सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज की परिकल्पना तभी साकार होगी जब हम स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। इस दिशा में राज ललित नेत्रालय आगे भी सेवा के ऐसे कार्य निरंतर करता रहेगा।
डॉ. अंकित राज सिंह ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं आंखों की देखभाल को लेकर अभिभावकों में जागरूकता बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों की आंखों की समस्याएं कई बार शुरुआत में स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देतीं, लेकिन उनका असर पढ़ाई, आत्मविश्वास एवं दैनिक जीवन पर पड़ सकता है। इसलिए बच्चों का नियमित नेत्र परीक्षण कराया जाना चाहिए। उन्होंने स्वस्थ आजमगढ़ के निर्माण के लिए चिकित्सकों, सामाजिक संस्थाओं एवं नागरिकों से मिलकर कार्य करने की अपील की।
इस अवसर पर वंदना सिंह, डॉ. अभिनवा सिंह, इनरव्हील क्लब की सदस्यगण, सुभाष सिंह, सुधीर अग्रवाल, सलीम शेख, वर्षम प्रताप सिंह, शिवम चतुर्वेदी, आलोक सिंह, डी.एन. सिंह, शशि सिंह मुन्ना सहित अनेक गणमान्य लोग एवं सहयोगी उपस्थित रहे।
आयोजकों ने शिविर को सफल बनाने में योगदान देने वाले चिकित्सकों, सहयोगियों एवं सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस प्रकार की पहल को आगे भी जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया गया, जिससे आजमगढ़ में स्वास्थ्य जागरूकता एवं जनसेवा के प्रयासों को नई दिशा मिल सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)