नामांकन शपथ पत्र में चार वित्तीय वर्षों की आय का विवरण छिपाने का मामला
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बिजनौर जिले की नहटौर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक ओम कुमार को बड़ा झटका देते हुए वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उनके निर्वाचन को अमान्य घोषित कर रद्द कर दिया है। हालांकि, अदालत ने चुनाव याचिका दाखिल करने वाले राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रत्याशी मुंशी राम को विजयी घोषित करने की मांग स्वीकार नहीं की। यह महत्वपूर्ण फैसला न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय की पीठ ने सुनाया। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में नहटौर सीट पर भाजपा प्रत्याशी ओम कुमार को 77,935 वोट मिले थे, जबकि रालोद उम्मीदवार मुंशी राम को 77,677 मत प्राप्त हुए थे। ओम कुमार ने महज 258 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। चुनाव परिणाम आने के बाद मुंशी राम ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दाखिल कर ओम कुमार के निर्वाचन को चुनौती दी थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि ओम कुमार ने नामांकन के साथ दाखिल किए गए शपथ पत्र (फॉर्म-26) में अपनी वित्तीय स्थिति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाईं। आरोप के मुताबिक, फॉर्म-26 के पैरा-4 में वित्तीय वर्ष 2017-18 से 2021-22 तक के पांच वर्षों की आय का विवरण देना अनिवार्य था, लेकिन ओम कुमार ने केवल वित्तीय वर्ष 2021-22 की आय 1,45,81,059 रुपये दर्शाई। इससे पहले के चार वित्तीय वर्षों की आय से संबंधित कॉलम खाली छोड़ दिए गए थे। मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के रिसर्जेंस इंडिया और लोक प्रहरी से जुड़े फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि मतदाताओं को संविधान के अनुच्छेद 19(1)(ए) के तहत उम्मीदवार की वित्तीय पृष्ठभूमि जानने का मौलिक अधिकार प्राप्त है। अनिवार्य जानकारी वाले कॉलम खाली छोड़ना गंभीर त्रुटि है। अदालत ने माना कि रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा इस तरह के त्रुटिपूर्ण नामांकन पत्र को स्वीकार करना उचित नहीं था और इससे चुनाव परिणाम प्रभावित हुआ। अदालत ने बचाव पक्ष की उस दलील को भी स्वीकार नहीं किया, जिसमें कहा गया था कि रिटर्निंग ऑफिसर ने चेकलिस्ट में नामांकन पत्र को सही माना था और कोई आपत्ति या नोटिस जारी नहीं किया था। वहीं, मुंशी राम की ओर से ईवीएम, वीवीपैट पर्चियों और पोस्टल बैलेट की मतगणना में अनियमितता का आरोप लगाते हुए दोबारा मतगणना कराने की मांग भी की गई थी। हालांकि, पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर अदालत ने मतगणना में धांधली के आरोपों को खारिज कर दिया। इसके साथ ही अदालत ने मुंशी राम को विजेता घोषित करने की मांग भी ठुकरा दी। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बहुकोणीय चुनाव में यह मान लेना उचित नहीं है कि यदि अयोग्य घोषित प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं होता तो उसके वोट दूसरे स्थान पर रहने वाले उम्मीदवार को ही मिलते। हाईकोर्ट ने रजिस्ट्रार जनरल को निर्देश दिया है कि फैसले की सूचना तत्काल भारत निर्वाचन आयोग और उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष को दी जाए। साथ ही आदेश की प्रमाणित प्रति एक सप्ताह के भीतर निर्वाचन आयोग को भेजने का निर्देश भी दिया गया है।

