आजमगढ़ पहुंची अनुप्रिया पटेल, स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा कर दिए सुधार के निर्देश

Youth India Times
By -
0
एचपीवी टीकाकरण में लक्ष्य से अधिक उपलब्धि पर जताया संतोष, टीबी मरीजों को पोषण सहायता बढ़ाने पर जोर
आजमगढ़। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने सर्किट हाउस में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा के साथ बैठक कर जिले में संचालित प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने एचपीवी टीकाकरण में लक्ष्य से अधिक उपलब्धि पर संतोष जताया। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने, टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने और टेली-कंसल्टेशन सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 17 सितंबर तक एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य 59,829 निर्धारित था, जिसके सापेक्ष 59,841 टीके लगाए गए। इसके बाद 541 अतिरिक्त टीकाकरण भी किए गए। मंत्री ने अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भी नियमित निगरानी और समयबद्ध लक्ष्य प्राप्त करने पर जोर दिया। टेली-मानस कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने युवाओं और स्कूली बच्चों में मानसिक तनाव, अवसाद तथा नशे की प्रवृत्ति रोकने के लिए विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। जरूरतमंदों को काउंसिलिंग और उचित परामर्श उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत मलिन बस्तियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में टीबी की सघन जांच कराने पर जोर दिया गया। मंत्री ने मरीजों को नियमित उपचार के साथ पोषण पोटली उपलब्ध कराने और निक्षय मित्र अभियान में युवाओं, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवी संगठनों, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन तथा टीबी से स्वस्थ हो चुके लोगों की भागीदारी बढ़ाने की बात कही। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टेली-कंसल्टेशन सेवाओं को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। कम्युनिटी हेल्थ आॅफिसरों के माध्यम से मरीजों को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। बैठक में उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आलेन्द कुमार और डॉ. अविनाश झा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)