आजमगढ़ : अतिक्रमण हटाने पहुंचे ग्राम पंचायत अधिकारी के साथ हुई मारपीट

Youth India Times
By -
0

सीसी रोड पर अवैध अतिक्रमण की जांच के दौरान आवास पात्रता सूची और ऑनलाइन संदर्भ से जुड़े अभिलेख फाड़ने का आरोप

आजमगढ़। जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र के मल्लूपुर कोहड़ी गांव में सीसी रोड पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत की जांच करने पहुंचे ग्राम पंचायत अधिकारी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और सरकारी अभिलेख फाड़ने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत अधिकारी अजय यादव की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, ग्राम पंचायत अधिकारी अजय यादव पुत्र स्वर्गीय झुरी यादव 11 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे ऑनलाइन संदर्भ संख्या 92619100052573 के क्रम में मल्लूपुर कोहड़ी गांव में जांच करने पहुंचे थे। यह शिकायत सीसी रोड पर अवैध अतिक्रमण से संबंधित थी। स्थलीय जांच के दौरान उन्होंने पाया कि शिकायतकर्ता ओमप्रकाश पुत्र स्वर्गीय गोली यादव निवासी मल्लूपुर कोहड़ी द्वारा भी कथित रूप से अतिक्रमण किया गया है। आरोप है कि जब ग्राम पंचायत अधिकारी ने शिकायत में उल्लिखित लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए कहा तो फूलचंद सहित अन्य लोगों ने शिकायतकर्ता के अतिक्रमण को भी हटवाने की बात कही। इसी दौरान शिकायतकर्ता ओमप्रकाश ने कथित रूप से ग्राम पंचायत अधिकारी के साथ मां-बहन की गालियां दीं और आवास की पात्रता सूची तथा ऑनलाइन संदर्भ से संबंधित अभिलेख छीनकर फाड़ दिए। तहरीर में आगे आरोप लगाया गया है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर ग्राम पंचायत अधिकारी के साथ लात-मुक्कों से मारपीट की गई। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। इस दौरान शिकायतकर्ता द्वारा बार-बार जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। ग्राम पंचायत अधिकारी के अनुसार, किसी तरह वह अपनी जान बचाकर गांव से बाहर निकले। मामले में ग्राम पंचायत अधिकारी की तहरीर के आधार पर कंधरापुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)