परिजनों ने जताया हत्या का संदेह, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
आजमगढ़। जनपद के पवई थाना क्षेत्र के बखरिया ग्राम पंचायत में रविवार को मछली पालन के तालाब से एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए घटना की जांच की मांग की है। बखरिया ग्राम पंचायत निवासी पवन गिरी (32) पुत्र प्रेम गिरी मछली पालन के तालाब की रखवाली करता था। बताया गया कि रविवार को घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित तालाब में उसका शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पवई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर युवक की मौत तालाब में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, परिजन इसे सामान्य हादसा मानने के बजाय हत्या की आशंका जता रहे हैं। बताया जाता है कि पवन चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी पत्नी पहले ही उसे छोड़कर चली गई थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पवई थानाध्यक्ष मनीष पाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




