विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शिक्षकों के प्रति जताया सम्मान
आजमगढ़। सन शाइन स्कूल में शिक्षक दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में गीत, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों को उनके समर्पण, मेहनत और अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते और शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधक ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव भी तैयार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों का सम्मान करने और उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।




