आजमगढ़ : ज्वेलर्स की दुकान में भीषण चोरी, लाखों के आभूषण ले गए चोर

Youth India Times
By -
0

पुलिस बूथ से महज 300 मीटर की दूरी पर हुई वारदात

10-12 किलो चांदी और 100-150 ग्राम सोने के आभूषण चोरी होने का दावा; सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर की जांच
रिपोर्ट : अबुल कैश
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा बाजार में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक ज्वेलरी की दुकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर फरिहा बाजार स्थित ओम ज्वेलर्स की दुकान से लाखों रुपये कीमत के सोने और चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी होने के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। वहीं, पुलिस बूथ से महज करीब 300 मीटर की दूरी पर हुई चोरी की इस वारदात ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकान संचालक पवन कुमार मद्धेशिया पुत्र राजेन्द्र प्रसाद मद्धेशिया के मुताबिक, अज्ञात चोरों ने रात के समय दुकान को निशाना बनाया। दुकान से करीब 10 से 12 किलोग्राम चांदी तथा 100 से 150 ग्राम सोने के आभूषण चोरी होने की बात सामने आई है। चोरी हुए आभूषणों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। हालांकि, चोरी से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है। सुबह दुकान में चोरी की जानकारी होने पर आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही निजामाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी अस्थाना जायसवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ज्वेलरी की दुकान का निरीक्षण किया और दुकान संचालक से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात में शामिल चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोर किस रास्ते से आए और वारदात को अंजाम देने के बाद किस दिशा में फरार हुए। फरिहा बाजार में ज्वेलरी की दुकान में हुई इस बड़ी चोरी के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने बाजार में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)