आजमगढ़ : डीएम ने प्राथमिक विद्यालय भोरमऊ का किया सघन निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Youth India Times
By -
0


साफ-सफाई और शैक्षणिक व्यवस्था पर जताया संतोष, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर

रिपोर्ट : हर्ष चन्देल
फूलपुर (आजमगढ़)। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने शनिवार को शिक्षा क्षेत्र फूलपुर के प्राथमिक विद्यालय भोरमऊ का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय के रसोईघर, शौचालय, कक्षाओं और परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की भी जानकारी ली। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के साथ ही बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं के साथ शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और विद्यालय के शिक्षकों को विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा बच्चों की शिक्षा के स्तर में निरंतर सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार यादव, प्रधानाध्यापक चंद्रभान यादव सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)