विरोध करने पर लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से मारपीट का दावा
पश्चिम बंगाल से पत्नी-बच्चों के साथ घर पहुंचे युवक का सामान बाहर फेंकने का आरोप
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के सुरसी गांव में घर में प्रवेश करने को लेकर हुए विवाद में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला मंत्री अंकित यादव समेत चार लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। सुरसी गांव निवासी प्रेमा देवी पत्नी स्वर्गीय श्यामलाल यादव ने सिधारी थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनका बेटा संतोष यादव करीब 20 वर्षों से अपनी पत्नी सुमन यादव और बच्चों के साथ वर्धमान, पश्चिम बंगाल में रहकर रोजी-रोटी कमाता है। 10 सितंबर 2026 को संतोष अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सामान लेकर गांव स्थित घर पहुंचा था। प्रेमा देवी का आरोप है कि परिवार के ही सुभाष चंद यादव पुत्र स्वर्गीय श्यामलाल यादव, उनकी पत्नी विद्या देवी, उनका पुत्र एवं भाजयुमो जिला मंत्री अंकित यादव तथा शनि यादव ने संतोष और उसके परिवार को घर में प्रवेश नहीं करने दिया। आरोप है कि उनका सामान भी बाहर फेंक दिया गया। तहरीर के अनुसार, जब प्रेमा देवी, उनके बेटे संतोष यादव और बहू सुमन यादव ने इसका विरोध किया तो विपक्षीगण ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लात-घूंसों, लाठी-डंडे तथा लोहे की रॉड से मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला शांत हुआ। पीड़िता ने तहरीर में मारपीट के दौरान खुद, अपने बेटे और बहू के चोटिल होने का दावा किया है। साथ ही आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसका कान का कर्णफूल और बहू का मंगलसूत्र भी कहीं गिर गया। प्रेमा देवी ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर सिधारी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक दूसरे पक्ष का बयान सामने नहीं आया था।




