वृहद रोजगार मेला में एलएंडटी, अशोक लेलैंड, फ्लिपकार्ट समेत दर्जनों कंपनियों ने लिया साक्षात्कार
युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार का उद्देश्य-रमाकांत मिश्रा
रिपोर्ट-हर्ष चन्देल
आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र के अंबारी स्थित जनता इंटर कॉलेज में शुक्रवार को सेवायोजन विभाग की ओर से वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए और युवाओं का साक्षात्कार लेकर विभिन्न पदों के लिए चयन किया। रोजगार मेले में करीब चार हजार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें दो हजार से अधिक युवाओं का चयन कर उन्हें प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। रोजगार मेले में एलएंडटी, एनएसडीसी इंटरनेशनल, बीवीजी, अशोक लेलैंड, कोरोना रेमेडीज, फ्लिपकार्ट, सिनोवा प्राइवेट लिमिटेड और पुखराज हेल्थ केयर सहित दर्जनों कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों की ओर से सुपरवाइजर, हेल्पर, टेक्नीशियन, क्वालिटी चेकर और मशीन आपरेटर समेत विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। मुख्य अतिथि भाजपा श्रम प्रकोष्ठ गोरखपुर के क्षेत्रीय संयोजक रमाकांत मिश्रा और विशिष्ट अतिथि भाजपा युवा मंच गोरखपुर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रानू प्रताप राजभर ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में वृहद रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। सहायक निदेशक सेवायोजन राममूर्ति और जिला सेवायोजन अधिकारी राहुल गौड़ ने बताया कि मेले में लगभग चार हजार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जबकि दो हजार से अधिक अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ अनुदेशक अवधेश कुमार, राजेश यादव, प्रदीप यादव, सत्य प्रकाश यादव, अंजली यादव, सलमा बानो और मीनाक्षी शुक्ला समेत अन्य लोग मौजूद रहे। प्रधानाचार्य हरेंद्र प्रताप सिंह ने अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया।

