हादसे में तीन लोग गंभीर घायल, जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर
आजमगढ़। जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के तेंदुआ मोड़ के पास रविवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलेमपुर निवासी अली अख्तर (22) पुत्र ऐनु अख्तर बाइक से बिलरियागंज की ओर आ रहे थे। इसी दौरान तेंदुआ मोड़ के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर निखिल पुत्र स्वर्गीय राजू, दिव्यांशु गौतम और गोविंद यादव पुत्र राजकुमार, निवासी निवियहवा, थाना रौनापार, सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि अली अख्तर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं निखिल, दिव्यांशु गौतम और गोविंद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच-पड़ताल कर रही है।



