
रिपोर्ट : हर्ष चन्देल
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र के छंगनपुर सदरुद्दीनपुर चौराहे के पास निवासी 42 वर्षीय राजू पुत्र सरबजीत की गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर में मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही बरतने और मरीज को समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी के बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों के मुताबिक राजू की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर लाया गया था। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद मरीज को समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं हो सकी। इस दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर के अधीक्षक डॉ. अखिलेश कुमार ने ऑक्सीजन उपलब्ध न होने के आरोप को खारिज किया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध है और तत्काल ऑक्सीजन व्यवस्था चालू करके भी दिखाई गई। उनके अनुसार मृतक मरीज पहले से ही गंभीर हालत में था और उसका टीबी का इलाज चल रहा था। फेफड़ों की स्थिति भी काफी खराब बताई गई। अधीक्षक के मुताबिक मरीज का पहले से उपचार और दवा चल रही थी तथा उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। अस्पताल में बेड पर लिटाने के बाद उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई। मामले को लेकर परिजनों के आरोप और अस्पताल प्रशासन के पक्ष के बीच स्थिति स्पष्ट करने के लिए प्रशासनिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं, इसकी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
