आजमगढ़ : बीकेएस एजुकेशनल स्कूल में अंतरविद्यालयीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

Youth India Times
By -
0
ताइक्वांडो जैसे खेल से बच्चों में आत्मरक्षा के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और निर्णय लेने की क्षमता होती है विकसित-रामभवन सिंह, प्रबंधक
आजमगढ़। बीकेएस एजुकेशनल स्कूल, नीबी, बेलइसा, आजमगढ़ में रविवार को आजमगढ़ ताइक्वांडो एसोसिएशन के सहयोग से अंतरविद्यालयीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बलिया, देवरिया, प्रयागराज, मिजार्पुर, भदोही, वाराणसी एवं जौनपुर सहित विभिन्न जनपदों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं उत्कृष्ट तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक राम भवन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में वीरू यादव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में हरिओम श्रीवास्तव उपस्थित रहे। आजमगढ़ ताइक्वांडो एसोसिएशन की कोषाध्यक्ष साइमा तस्लीम ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास, आत्मरक्षा तथा अनुशासन के लिए महत्वपूर्ण बताया। प्रबंधक रामभवन सिंह ने कहा, खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। ताइक्वांडो जैसे खेल बच्चों में आत्मरक्षा के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करते हैं। अंतरविद्यालयीय प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही विभिन्न जनपदों के खिलाड़ियों से सीखने और प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्रदान करना है। विद्यालय आगे भी विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करता रहेगा और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा। प्रतियोगिता का आयोजन एवं संचालन विकास यादव के नेतृत्व में किया गया। आयोजन टीम में आकाश यादव, सौरभ यादव, सत्यम यादव एवं दिव्यांशु कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, प्रतियोगिता के सुचारु संचालन में कोच एवं रेफरी शशांक आनंद, राहुल कुमार, मिथिलेश यादव एवं मोहित सोनकर का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा विभिन्न जनपदों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, रेफरी एवं आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)