आजमगढ़ : सेंट जेवियर्स किंडरगार्टन में हर्षोल्लास से मना रक्षाबंधन उत्सव

Youth India Times
By -
0






इंटर हाउस राखी प्रतियोगिता में ब्लू हाउस विजेता, नन्हे-मुन्नों ने राखी बांधकर दिया भाई-बहन के प्रेम का संदेश
आजमगढ़। कालीचौरा स्थित सेंट जेवियर्स किंडरगार्टन में 27 अगस्त को रक्षाबंधन उत्सव हर्षोल्लास और प्रेम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाध्यापिका यामिनी अरोड़ा एवं प्रबंधक पीयूष मोढा के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर निदेशिका स्नेहा चंद्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मधुर स्वागत वंदना से हुआ। रक्षाबंधन उत्सव को विशेष बनाने के लिए विद्यालय में इंटर हाउस राखी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सभी हाउस के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में ब्लू हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ग्रीन हाउस उपविजेता रहा। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा नर्सरी से यूकेजी तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए विशेष रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बालिकाओं ने बालकों की कलाई पर राखी बांधी और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते में प्रेम, स्नेह एवं आपसी सम्मान के महत्व को प्रस्तुत किया। बच्चों की मासूम प्रस्तुतियों और उत्साह ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया। कक्षा एक से तीन तक के विद्यार्थियों के लिए राखी मेकिंग, ग्रीटिंग कार्ड मेकिंग और थाली सजावट प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें बच्चों ने अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। विभिन्न रंगों और आकर्षक डिजाइनों से तैयार राखियों, ग्रीटिंग कार्ड और सजी हुई थालियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रबंध निदेशक प्रशांत चंद्रा ने आयोजन की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों के अथक प्रयास, रचनात्मकता तथा भाईचारे की भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को अपनी समृद्ध परंपराओं और मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं। साथ ही ऐसे कार्यक्रम युवा मन में प्रेम, एकता, आपसी सम्मान और सकारात्मकता की भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन पर्व के सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व से परिचित कराया और सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)