आजमगढ़ : पांच साल से भूमि विवाद में भटक रहे फरियादी को मिला न्याय, पुलिस-राजस्व विभाग ने दिलाया कब्जा

Youth India Times
By -
0





जनसुनवाई में SSP डॉ. अनिल कुमार ने लिया संज्ञान, कार्रवाई के बाद फरियादी ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना कर जताया आभार

आजमगढ़। जनपद के थाना मुबारकपुर क्षेत्र के ग्राम मोहब्बतपुर निवासी कन्हैया पुत्र झिंगई पिछले करीब पांच वर्षों से भूमि विवाद को लेकर न्याय की आस में भटक रहे थे। फरियादी का आरोप था कि उनके भाइयों द्वारा उनकी भूमि पर कब्जा कर खेती करने का प्रयास किया जा रहा था, जिससे उन्हें अपनी ही जमीन पर जोत-बोने में परेशानी हो रही थी। लंबे समय से चले आ रहे इस विवाद का पुलिस और राजस्व विभाग के समन्वय से नियमानुसार निस्तारण कराया गया। फरियादी ने जनसुनवाई के दौरान अपनी समस्या वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के समक्ष रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए SSP ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर आस्था जायसवाल और थाना प्रभारी मुबारकपुर को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में मुबारकपुर पुलिस ने राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित कर भूमि संबंधी अभिलेखों और उपलब्ध तथ्यों की जांच की। नियमानुसार कार्रवाई के बाद फरियादी को उसकी भूमि पर कब्जा दिलाया गया। पुलिस के अनुसार वर्तमान में कन्हैया अपनी भूमि पर काबिज हैं और खेत में जोत-बोने का कार्य कर रहे हैं। करीब पांच वर्षों से चल रहे विवाद के निस्तारण के बाद फरियादी भावुक हो गया। खुशी के आंसुओं के साथ वह अपने गांव से पुलिस कार्यालय पहुंचा और SSP डॉ. अनिल कुमार का व्यक्तिगत रूप से आभार जताया। फरियादी ने जनसुनवाई के माध्यम से समस्या का प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण कराने के लिए SSP की कार्यशैली की सराहना की तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)