ऑटो को ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा, पुलिस ने शुरू की जांच
रिपोर्ट : अबुल कैश
निजामाबाद (आजमगढ़)। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां-सरायमीर मार्ग पर ग्रामीण बैंक के सामने बुधवार रात करीब आठ बजे तेज रफ्तार स्पलेंडर बाइक और टीवीएस मोपेड की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्पलेंडर बाइक फरिहां की ओर से सरायमीर की तरफ जा रही थी। ग्रामीण बैंक के सामने चालक ऑटो रिक्शा को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही टीवीएस मोपेड से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान श्रवण मौर्या (37) पुत्र स्वर्गीय फुनन्न मौर्या और साहिल अहमद (25) पुत्र पिल्लू अहमद, दोनों निवासी फरिहां के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर फरिहां चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की जानकारी लेने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के चलते मार्ग पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।







