आजमगढ़ : तेज रफ्तार कार विद्युत पोल से टकराई, कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित

Youth India Times
By -
0





पोल टूटने से रातभर बिजली गुल, विद्युत कर्मियों ने लाइन काटकर कुछ क्षेत्रों में बहाल की आपूर्ति

रिपोर्ट : हर्ष चन्देल
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र के सुदनीपुर गांव के पास गुरुवार रात तेज रफ्तार अनियंत्रित कार विद्युत पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सीमेंटेड विद्युत पोल टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। पोल टूटने के कारण तहसील मुख्यालय विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कई फीडरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हादसे के बाद कार चालक क्षतिग्रस्त वाहन को मौके से हटवाकर चला गया, जिससे दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान नहीं हो सकी। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब आठ बजे एक तेज रफ्तार कार फूलपुर से बक्सपुर गांव की ओर जा रही थी। सुदनीपुर गांव के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित विद्युत पोल से जा टकराई। हादसे के बाद विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर विभागीय कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग शुरू की। जांच के दौरान विद्युत पोल टूटे होने की जानकारी हुई। विद्युत कर्मियों ने क्षतिग्रस्त पोल के कारण प्रभावित लाइन के तार काटकर अन्य गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया। इसके बाद कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी गई, लेकिन कनेरी फीडर से जुड़े जौमा गांव, अनुसूचित बस्ती सहित दर्जनों घरों में रातभर बिजली गुल रही। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस संबंध में अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रात करीब आठ बजे अचानक ब्रेकडाउन हुआ था। पेट्रोलिंग के दौरान विद्युत पोल टूटे होने की जानकारी मिली। क्षतिग्रस्त पोल को हटाकर नया पोल लगाने का कार्य कराया जा रहा है। नया पोल लगाए जाने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)