आजमगढ़। मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने की प्रस्तावित कार्रवाई के विरोध में समाजवादी पार्टी ने सोमवार को प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत आजमगढ़ में प्रदर्शन किया। समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष हकीम बेग के नेतृत्व में कार्यकतार्ओं ने प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। इस दौरान कार्यकतार्ओं ने "जौहर यूनिवर्सिटी का सम्मान करो", "ध्वस्तीकरण पर रोक लगाओ" और "शिक्षा बचाओ, भविष्य बचाओ" जैसे नारे लगाए। गोपालपुर विधायक नफीस अहमद ने कहा कि विश्वविद्यालय का निर्माण वर्षों की मेहनत और संसाधनों से हुआ है तथा हजारों छात्र यहां शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। यदि किसी प्रकार की तकनीकी या भूमि संबंधी समस्या है तो उसका समाधान कानून के दायरे में किया जाना चाहिए, न कि भवनों को ध्वस्त कर छात्रों के भविष्य को संकट में डाला जाए। जिलाध्यक्ष हकीम बेग ने कहा कि प्रस्तावित कार्रवाई से विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों का भविष्य प्रभावित होगा, इसलिए सरकार को संविधान और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप निर्णय लेना चाहिए। पूर्व एससी-एसटी आयोग सदस्य सना परवीन और प्रदेश सचिव मेराज अहमद ने भी सरकार की कार्रवाई की आलोचना करते हुए शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा और निष्पक्ष समाधान की मांग की। प्रदर्शन में प्रदेश सचिव मेराज अहमद, वामिक खां, सना परवीन, शहीम खान, शाह आलम, मोहम्मद फहद, अशफाक अहमद, डॉ. शकील अहमद, अख्तर इम्तेयाज, अफताब, जावेद खान, अरशद, मोहम्मद आलम खान, आरिफ, मुन्नवर अहमद, नौशाद, अबु हुजैफा, खालिद जफर, पप्पू मलिक, अशफाक सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आजमगढ़ : जौहर विश्वविद्यालय के प्रस्तावित ध्वस्तीकरण के विरोध में सपा का प्रदर्शन, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
By -
Monday, July 27, 2026
0
Tags:

