मोबाइल चलाने को लेकर हुई थी डांट, मचा कोहराम
आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ नगर पंचायत में शुक्रवार सुबह एक 15 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर जीयनपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, अजमतगढ़ कस्बे के गुरु गोविंद नगर निवासी सरिता देवी ने शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे घर के एक कमरे में अपनी सबसे छोटी बेटी सलोनी गोंड (15 वर्ष) को साड़ी के फंदे के सहारे लटका हुआ देखा। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर जीयनपुर कोतवाल संजय सिंह, अजमतगढ़ चौकी प्रभारी विनय यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद परिजनों की तहरीर के आधार पर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों के अनुसार, छात्रा को मोबाइल चलाने को लेकर पढ़ाई के संबंध में डांट-फटकार लगाई गई थी, जिससे वह आहत हो गई। इसके बाद उसने यह कदम उठा लिया। सलोनी हाल ही में हाईस्कूल उत्तीर्ण कर कक्षा 11 की छात्रा थी। वह दो बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। परिवार के अनुसार, उसका एक भाई और एक बहन मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। पिता सतेंद्र दिल्ली में नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




