एसएसपी ने विभागीय जांच के दिए आदेश, पुलिस कर्मियों को अनुशासन और जिम्मेदारी से ड्यूटी निभाने की चेतावनी
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस विभाग में अनुशासन एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही बरतने वाले दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही शुरू करने के आदेश भी जारी किए गए हैं। पुलिस विभाग से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थाना गंभीरपुर पर तैनात रिक्रूट आरक्षी रूद्र प्रताप सिंह पर अपने पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता बरतने का आरोप है। आरोप है कि उन्होंने थाना क्षेत्र में दर्ज एक अभियोग के वांछित अभियुक्त एवं हिस्ट्रीशीटर की निगरानी के लिए निर्धारित संतरी पहरा एवं निगरानी ड्यूटी का समुचित निर्वहन नहीं किया तथा उच्चाधिकारियों के आदेशों की भी अवहेलना की। मामले को गंभीर मानते हुए एसएसपी ने 25 जुलाई 2026 को उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए। इसी प्रकार थाना मेंहनगर पर नियुक्त उप निरीक्षक उमेश कुमार सिंह को भी घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित किया गया है। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया कि उन्होंने थाना में दर्ज अभियोग के वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी एवं चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए कोई प्रभावी एवं सार्थक प्रयास नहीं किया तथा उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना की। इसे पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली एवं छवि को प्रभावित करने वाला गंभीर कृत्य मानते हुए एसएसपी ने उनके विरुद्ध भी तत्काल निलंबन एवं विभागीय कार्रवाई के आदेश जारी किए। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि सभी अपने पदीय दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।




